Type Here to Get Search Results !

दमोह में डीई खत्म करवाने और मनचाही पोस्टिंग के बदले 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक शिक्षक के साथ दो बाबू गिरफ्तार

  • लोकायुक्त सागर की पुलिस टीम ने दमोह में पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने जबलपुर आम रोड पर सोमवार शाम को घूस ले रहे शिक्षक और अपनप हिस्सा लेने आए बाबू को धर-दबोचा, वहीं जिला शिक्षा कार्यालय के दूसरे बाबू को रिश्वत लेकर काम करवाने में शामिल होने पर गिरफ्तार किया गया

दमोह / सागर।
सस्पेंड शिक्षक की बहाली के बाद विभागीय जांच (डीई) खत्म करवाकर बढ़िया जगह पोस्टिंग करवाने के बदले 80 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे एक मास्टर और दो बाबुओं को लोकायुक्त सागर की पुलिस टीम ने पकड़ा है। आरोपी सोमवार को देर शाम दमोह से जबलपुर जाने वाली सड़क पर घूस ले रहे थे, तभी पकडे गए।



शिक्षक ने रिश्वत देने के बजाय लोकायुक्त में शिकायत की

रिश्वत देकर काम करवाने के बजाय आवेदक शिक्षक नवेंद्र कुमार आठया पिता गिरधारी लाल आठया उम्र 36 वर्ष, प्राथमिक शिक्षक विज्ञान तात्कालिक शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेरा जिला दमोह मूल निवासी ग्राम करैया जोशी, तहसील हटा, जिला दमोह ने लोकायुक्त सागर एसपी योगेश्वर शर्मा से की। शिक्षक ने बताया कि सस्पेंशन खत्म होने के बाद मनचाही पोस्टिंग करवाने के साथ ही डीई (विभागीय जांच) को खत्म करवाने के बदले आरोपी शिक्षक अनिल कुमार, बाबू नीरज कुमार और जिला शिक्षा कार्यालय के बाबू मनोज कुमार ने 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।

सत्यापन के ट्रैप टीम गठित करके रवाना की गई

रिश्वत मांगने की शिकायत का लोकायुक्त एसपी योगेश्वर शर्मा ने सत्यापन करवाया, जिमसें शिकायत सही पाए जाने पर रिश्वतखोरों को पकड़ने ट्रैप टीम गठित की गई। ट्रैप टीम में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं निरीक्षक रंजीत सिंह तथा लोकायुक्त सागर का स्टाफ शामिल था। इस टीम को सोमवार को दमोह के लिए रवाना किया गया। ताकि रिश्वतखोरों को रंगे हाथों पकड़ा जा सके। इसके बाद लोकायुक्त ट्रैप टीम ने सोमवार को दोपहर दमोह पहुंचने के बाद रिश्वत लेने वाले इलाके की घेराबंदी कर ली।



जबलपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम रिश्वत लेते पकड़े गए

लोकायुक्त ट्रैप टीम ने जैसे ही आवेदक शिक्षक से 80 हजार रुपए रिश्वतखोरों ने लिए, वैसे ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 1-अनिल कुमार साहू पिता हलकाई प्रसाद साहू उम्र 40 वर्ष, माध्यमिक शिक्षक माध्यमिक शाला भूरी संकुल उर्दू स्कूल दमोह निवासी बीएसएनल कॉलोनी दमोह, 2-नीरज कुमार सोनी पिता स्वर्गीय कमल प्रसाद सोनी उम्र 45 वर्ष, सहायक ग्रेड 3 कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी दमोह निवासी राधा रमण मंदिर के पास असाटी वार्ड दमोह और 3-मनोज कुमार श्रीवास्तव पिता स्वर्गीय आरसी श्रीवास्तव उम्र 58 वर्ष, सहायक ग्रेड 2 कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी दमोह निवासी वसुंधरा कॉलोनी जैन मंदिर के पास सेंट्रल स्कूल के सामने दमोह हैं।

जिला शिक्षा कार्यालय के बाबू को तीसरा आरोपी बनाया

लोकायुक्त सागर पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा ने बताया कि रिश्वतखोर आरोपी शिक्षक अनिल कुमार और रिश्वत में शेयर लेने आए बाबू नीरज सोनी को तो मौके पर ही पकड़ा गया। बाद में इस काम में मिलीभगत करके काम करवाने का ठेका लेने वाले जिला शिक्षा कार्यालय के बाबू मनोज श्रीवास्तव को भी तीसरा सहआरोपी बनाया जाकर गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।



कोई भी रिश्वत मांगें तो करें तत्काल लोकायुक्त में शिकायत

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई भी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तत्काल करें।

सागर संभाग में भ्रष्टाचार की शिकायत

हेल्प लाइन नंबर- 8435794333 पर करें।