Type Here to Get Search Results !

बघेलखंड भवन में स्वास्थ्य शिविर में हुई नि: शुल्क जांच, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने किया शुभारंभ


भोपाल। 
बघेलखंड सांस्कृतिक भवन ट्रस्ट द्वारा आज चिरायु हॉस्पिटल के सहयोग से तुलसी नगर स्थित बघेलखंड भवन में राजधानी के विंध्यवासियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और चिरायु हॉस्पिटल के संचालक डा. अजय गोयनका ने दीप प्रज्ज्वलित करके इस शिविर का शुभारंभ किया। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


बघेलखंड सांस्कृतिक भवन ट्रस्ट के महासचिव डा. कमलाकर सिंह ने बताया कि इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में राजधानी में निवासरत विंध्यवासियों के अलावा स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर में ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, ईसीजी (ECG), अल्ट्रासाउंड, ईको और पैथोलॉजी जैसी आधुनिक और महंगी जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की गईं और चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं वितरित की गईं। उन्होंने बताया कि यह शिविर बघेलखंड सांस्कृतिक भवन ट्रस्ट द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का एक हिस्सा है।


 
भविष्य में बघेलखंड सांस्कृतिक भवन ट्रस्ट द्वारा एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें विंध्य अंचल के उन प्रतिभाशाली युवाओं को 'विंध्य प्रतिभा सम्मान' से नवाजा जाएगा जिन्होंने UPSC, PSC या अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अंचल का नाम रोशन किया है। साथ ही, समाज के मार्गदर्शक के रूप में भोपाल में रह रहे विंध्य अंचल के वरिष्ठ नागरिकों का भी विशेष सम्मान किया जाएगा।



ट्रस्ट द्वारा वार्षिक पत्रिका ‘बघेली दर्पण’ का प्रकाशन भी किया जा रहा है। यह पत्रिका बघेलखंडी संस्कृति और साहित्य के विकास का एक प्रमुख माध्यम है, जिसमें अंचल के लेखक और आम जन अपनी कहानियाँ, संस्मरण और विचार साझा करते हैं। आज शिविर में ट्रस्ट के पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। जिनमें महासचिव डा. कमलाकर सिंह, कोषाध्यक्ष सागर श्रीवास्तव सचिव सुनील शुक्ला तथा कार्यकारिणी सदस्य पीयूष श्रीवास्तव, एवं डा. प्रणय सिंह, विक्रम सिंह परिहार, ज्ञानेंद्र सिंह, डा. सचिन सिंह, रवि शुक्ला, डा.देवेश मिश्रा, सत्येंद्र भदौरिया, दीपक सिंह, डा. अजय सिंह, डीआर सिंह , आरपी शुक्ला डा. मुकेश मिश्रा, मृगेंद्र सिंह और पंकज सिंह दुधमनिया आदि उपस्थित थे।