- सागर के सांदीपनि विद्यालय शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 की महिला बाबू सहायक ग्रेड-3 गंधाली कदम फ्रांसिस को लोकायुक्त पुलिस ने स्कूल में ही घूस लेते हुए पकड़ा
सागर। शिक्षक की परिवीक्षा अवधि के एरियर्स की राशि के भुगतान के बदले रिश्वत लेते हुए सांदीपनि विद्यालय शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 की महिला बाबू को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ग्राम तोड़ा तरफदार के शिक्षक ने की थी रिश्वत की शिकायत
रिश्वत मांगने की शिकायत आवेदक गेंदाराम अहिरवार, निवासी ग्राम तोड़ा तरफदार, जिला सागर ने लोकायुक्त कार्यालय सागर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर से लिखित की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके परिवीक्षा अवधि की एरियर्स राशि 61 हजार रुपए का भुगतान लटकाया जा रहा है। संबंधित महिला बाबू गंधाली कदम फ्रांसिस पिता स्वर्गीय एचके कदम फ्रांसिस पद सहायक ग्रेड 3 निवासी पुलिस लाइन सागर रिश्वत मांग रही है। रिश्वत नहीं देने पर फाइल अटका रही है। हालांकि मोल भाव करने पर ढाई हजार रुपए लेकर काम करने पर तैयार हो गई है।
रिश्वत मांगने की पुष्टि के बाद ट्रैप दल रवाना किया
रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर ने करवाया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। इसके बाद रिश्वतखोर बाबू को पकड़ने के लिए ट्रैप दल का गठन करके रवाना किया। ट्रैप दल में निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं निरीक्षक रोशनी जैन के साथ ही लोकायुक्त पुलिस सागर का स्टॉफ शामिल था।

स्कूल कार्यालय में ही रिश्वत लेते महिला बाबू को पकड़ा गया
लोकायुक्त पुलिस टीम ने घूस के आदान-प्रदान के मद्देनजर पहले से ही सांदीपनि विद्यालय शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 सागर की घेराबंदी कर ली। इसके बाद जैसे ही शिक्षम गेंदाराम अहिरवार से आरोपी सहायक ग्रेड 3 गंधाली कदम फ्रांसिस ने रिश्वत के ढाई हजार रुपए लिए, वैसे ही कार्यालय में ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
भ्रष्टाचार और रिश्वत मांगने की करें शिकायत
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक संभाग सागर के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई रिश्वत मांगता है या पद का दुरुपयोग करके भ्रष्टाचार करता है तो उसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, लोकायुक्त, सागर में करें या हेल्प लाइन नंबर-8435794333 पर सूचित कर सकते है।
