- सागर में तिली तिराहा गणेशपुरम पर खुलेआम 10 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे तहसील जैसीनगर के पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया
सागर। कृषि भूमि के नामांतरण के बदले किसान से 10 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। खास यही कि जमीन बहू ने खरीदी थी, जिसके नामांतरण के लिए पटवारी ने रिश्वत मांगी। इस पर ससुर ने लोकायुक्त में शिकायत की, जिसके बाद जैसीनगर तहसील के पटवारी को रिश्वत खुलेआम लेते पकड़ा गया।

दरअसल रिश्वत मांगने की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर से सागर निवासी किसान भगवान दास सोलंकी ने की थी। शिकायतकर्ता भगवान दास के अनुसार उसकी पुत्रवधू ने ग्राम कंकर कुइया, तहसील जैसीनगर में 1.4 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी। इसके नामांतरण का आवेदन तहसीलदार जैसी नगर के कार्यालय में काफी दिनों से लंबित है। इस पर जब शिकायतकर्ता ससुर ने पता किया तो आरोपी पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर, हल्का नंबर-34, बम्होरी घाट, तहसील जैसीनगर ने नामांतरण के बदले 10 हजार रुपए की मांग की। साथ ही रिश्वत नहीं देने पर नामांतरण नहीं होने की धमकी भी दी।
शिकायत सत्यापन के बाद ट्रैप टीम रवाना की गई
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर दुर्गेश राठौर ने नामातंरण के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन करवाया, जिसमें शिकायत सही निकली। इसके बाद जैसीनगर तहसील के रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम बनाकर रवाना की। ट्रैप टीम में निरीक्षक रंजीत सिंह एवं निरीक्षक कमल सिंह उइके सहित लोकायुक्त सागर का पुलिस स्टाफ शामिल था।

बेखौफ रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी
लोकायुक्त पुलिस टीम ने रिश्वत दिए जाने वाले इलाके तिली तिराहा और गणेशपुरम की घेराबंद की। इसके बाद फरियादी ससुर को भेजा गया और जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपए नगद रिश्वत ली, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस टीम ने हल्का पटवारी बम्होरी घाट मानवेंद्र सिंह ठाकुर को रंगे हाथों धर दबोचा। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में कार्रवाई की गई।
भ्रष्टाचार और रिश्वत मांगने की करें शिकायत
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग सागर की पुलिस टीम लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। एसपी दुर्गेश राठौर अपील की है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी/ अधिकारी रिश्वत मांगता है या पद का दुरुपयोग करता है तो उसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सागर में करें। अथवा सागर संभाग में भ्रष्टाचार संबंधित शिकायत के लिए हेल्प लाइन नंबर-8435794333 पर फोन कर सकते है।