Type Here to Get Search Results !

विदिशा : गाय को बचाने के प्रयास में कार पेड़ से टकराई, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, मां-बेटी घायल

विदिशा ।  अशोकनगर हाईवे स्थित ग्राम ताजखजूरी मोड़ पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सड़क पर गाय आ जाने से चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।



बताया जा रहा है कि एकदम ब्रेक लगने के कारण कार उछल गई। हादसे में कार में सवार दिनेश जाटव की पत्नी उमाबाई, 8 वर्षीय पुत्र आरव और 5 वर्षीय पुत्री आरुषि वाहन के शीशे से बाहर जा गिरे।

ग्रामीणों के बताये अनुसार, ग्राम मियांखेड़ी निवासी दिनेश जाटव अपने परिवार के साथ कार से ग्राम काशीराम खेजड़ा में आयोजित गंगाजली कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। यह दुर्घटना विदिशा-अशोकनगर मार्ग पर दोपहर करीब 2:30 बजे हुई।

हादसे में दिनेश जाटव और उनके पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमाबाई और उनकी पुत्री घायल हो गईं। घायलों को तत्काल नटेरन अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलने पर अजप प्रताप सिंह पटेल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। वहीं, आनंद जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।