- व्यापारियों को राहत की उम्मीद जगी, व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क समाप्ति पर भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नगर निगम आयुक्त से सकारात्मक चर्चा
भोपाल। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष गोविंद गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन से भेंट कर चर्चा की। उन्होंने चर्चा में कहा कि मध्यप्रदेश में व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क केवल भोपाल में लागू है जबकि प्रदेश के किसी भी नगरीय निकाय में यह शुल्क लागू नहीं है।

उन्होंने बताया कि भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली बहुत प्रतिष्ठित व्यापारिक संस्था है जिसमें बहुत बड़े उद्योगपति, व्यापारी आदि सदस्य हैं। श्री गोयल ने आयुक्त महोदया से भोपाल नगर निगम द्वारा आरोपित व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क को विलोपित / समाप्त किए जाने की मांग रखी।
भोपाल चेंबर संचालक एवं कमेटी के संयोजक अनिल चुग ने आयुक्त महोदया को विस्तृत जानकारी देते हुए यह अवगत कराया कि 21 अप्रैल 2023 को नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क लगाया था जिसे किसी विसंगतियों एवं व्यापारियों के विरोध के कारण 25 अप्रैल 2023 को पूरे प्रदेश से स्थगित कर दिया गया था। इसके बावजूद भोपाल मे यह कर लागू है। यह "एक प्रदेश – दो कानून" जैसी विसंगति है, जो न्यायोचित नहीं है। अतः भोपाल चेंबर मांग करता है कि इस कर को भोपाल से भी तत्काल स्थगित किया जाए जिससे व्यापारी वर्ग राहत की सांस ले सकें ।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि वे व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क से संबंधित दस्तावेजों एवं शासन के आदेशों को पढ़कर विषय की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगी तथा इसके निराकरण एवं समाप्ति के संबंध में सकारात्मक प्रयास करेंगी।
गोविंद गोयल ने कहा कि भोपाल चेंबर व्यवसायिक लाइसेंस शुल्क समाप्त कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस विषय को लेकर चेंबर द्वारा प्रदेश के सांसद, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री, भोपाल की महापौर, विभिन्न विधायकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से अनेक बार पत्राचार एवं प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से व्यापारियों की भावनाओं को पहुंचाया गया है।
बैठक के पश्चात श्री गोविंद गोयल ने कहा कि भोपाल चेंबर सदैव व्यापारियों, उद्यमियों एवं उद्योग जगत के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में सुनील जैन जैनाविन, अजय देवनानी, वात्स्यायन जैन (सोनू भाभा), अनिल चुग, अनिल मिश्रा, आदित्य सिंघई एवं मनोज नागरानी भी सामिल रहे।