- मध्य प्रदेश सर्वधर्म सदभावना मंच की मध्य प्रदेश शासन से मांग, मुख्य मंत्री, प्रधानमंत्री, राज्यपाल को देंगे ज्ञापन
भोपाल। मध्य प्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आज भोपाल स्थित गांधी भवन में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं मंच के पदाधिकारी राजेन्द्र कोठारी ने की। बैठक में मंच के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें विशेष रूप से हाजी मोहम्मद हारून, महेंद्र शर्मा, फादर आनंद मुतुंगल, शैलेंद्र शैली, सुनील बोरसे, मोहम्मद कलीम खान (एडवोकेट), हिफजुर्रहमान सिद्दीकी (एडवोकेट), हाजी मोहम्मद इमरान हारून, हाजी हनीफ अय्यूबी तथा मोहम्मद जुबैर मंच आदि थे।

बैठक में बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय की कार्य परिषद द्वारा विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तित करने संबंधी प्रस्ताव पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव की निंदा करते हुए कहा कि यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम तथा स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसा कोई उदाहरण नहीं है कि किसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर स्थापित किसी महत्वपूर्ण संस्थान का नाम बाद में परिवर्तित किया गया हो। कार्य परिषद का यह प्रस्ताव देश में एक गलत परंपरा और अनुचित उदाहरण प्रस्तुत करने वाला है।
बैठक में इस प्रस्ताव के विरोध की आगामी रूपरेखा भी तैयार की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मध्य प्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच का एक प्रतिनिधिमंडल महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय के कुलपति से भेंट कर ज्ञापन सौंपेगा। प्रतिनिधिमंडल उनसे आग्रह करेगा कि इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर विश्वविद्यालय का नाम यथावत रखा जाए।
