- शिवपुरी जिले की पिछोर के जूंगीपुर ग्राम पंचायत की सरपंच केशवती कोली और दलाल बने पति खेमचंद को रिश्वत के नोट गिनते हुए ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस टीम ने महिला सरपंच के पिछोर स्थित संकटमोचन कालोनी के घर से दलाली करने वाले पति के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया
पिछोर (शिवपुरी)। कपिलधारा योजना के तहत कूप निर्माण की सामग्री के भुगतान के बिल पर सिर्फ दस्तखत करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते शिवपुरी जिले के पिछोर के तहत जूंगीपुर ग्राम पंचायत की महिला सरपंच और उसके पति को लोकायुक्त ग्वालियर पुलिस टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। महिला सरपंच और उसका पति अपने पिछोर की संकटमोचन कालोनी वाले घर में रिश्वत लेते हुए पकड़े गए हैं।

रिश्वत मांगने की शिकायत राहुल पिता हुकुम सिंह यादव, ग्राम जूगीपुर तहसील पिछोर, जिला शिवपूरी ने ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर की। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता के खेत मे कपिलधारा योजना में स्वीकृत कूप निर्माण के उपरांत कूप निर्माण में सामग्री के भुगतान के बिल पर हस्ताक्षर करने के एवज में सरपंच केशवती और उनके पति खेमचंद ने 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी है। रिश्वत नहीं देने पर हस्ताक्षर नहीं करने और पेमेंट अटकाने की धमकी दी है।
सत्यापन में शिकायत सही पाई जाने पर ट्रैप दल रवाना किया
रिश्वत मांगने की शिकायत का पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त निरंजन शर्मा ने सत्यापन करवाया। इसमें 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप दल बनाया गया, जिसमें ट्रैपकर्ता अधिकारी उपेंद्र दुबे निरीक्षक के साथ श्रीमती अंजलि शर्मा निरीक्षक, स्वतंत्र शासकीय गवाह सहित 10 सदस्यीय टीम को रवाना किया गया।
महिला सरपंच और पति अपने घर में रिश्वत लेते धराए
लोकायुक्त ग्वालियर की टीम द्वारा पिछोर की संकटमोचन कालोनी स्थित महिला सरपंच के घर की घेराबंदी कर ली। इसके बाद जैसे ही शिकायतकर्ता हुकुम सिंह यादव से 20 हजार रुपए की रिश्वत ली गई, वैसे ही लोकायुक्त टीम ने महिला सरपंच श्रीमति केशवती कोली एवं सरपंच पति खेमचंद कोली, ग्राम जूंगीपूर तहसील पिछोर जिला शिवपूरी धर-दबोचा। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 और धारा 61(2) बीएनएस 2023 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर लोकायुक्त टीम द्वारा कार्यवाही की गई।
सरकारी अधिकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे तो करें शिकायत
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग ग्वालियर के द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर निरंजन शर्मा ने आमजन से अपील की है कि कोई अधिकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो तत्काल सूचना दें।
कार्यालय-लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक,
पडाव पुल के नीचे, पुराना आरटीओ,
ग्वालियर, मध्यप्रदेश
या
दूरभाष नंबर- 0751 2457121 पर सूचित करें।