Type Here to Get Search Results !

विदिशा: बंटवारा, नामांतरण के बदले 30 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे रावण पटवारी को नटेरन तहसील कार्यालय में ही रंगे हाथों पकड़ा गया

  • फौती प्रकरण में वारिसों के नाम रिकार्ड पर दर्ज करने के साथ ही बंटवारा और नामांतरण करने के ऐवज में रिश्वत लेते हुए नटेरन जिला विदिशा के पटवारी संदीप यादव को लोकायुक्त भोपाल की पुलिस टीम ने रंगे हाथों धर-दबोचा 

भोपाल।
नामांतरण, बंटवारा और फौती प्रकरण में 30 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे नटेरन तहसील के पटवारी को लोकायुक्त भोपाल की पुलिस टीम ने रंगे हाथों धर-दबोचा। रिश्वतखोर पटवारी यह रिश्वत नटेरन तहसील स्थित अपने पटवारी कार्यालय में ही ले रहा था।



रिश्वत मांगने की शिकायत 6 जुलाई 2026 को प्रमेन्द्र धाकड़ पिता स्व. धनीराम धाकड़, निवासी काठी मोहल्ला, लवकुश मार्ग, जिला विदिशा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय भोेपाल में लिखित की थी। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि रावण गांव के पटवारी संदीप यादव ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी है। रिश्वत नहीे देने पर काम अटका दिया है। इस पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल वीरेंद्र सिंह चौहान ने शिकायत का परीक्षण करवाया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ने बनाया ट्रैप दल

रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन होने के बाद रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ने के लिए प्रभारी पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल वीरेंद्र सिंह चौहान ने ट्रैप दल बनाया। इसमें ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त भोपाल संभाग, भोपाल के साथ दल प्रभारी निरीक्षक कविन्द्र सिंह चौहान, निरीक्षक रजनी तिवारी, प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल, आरक्षक प्रसनजीत राव, आरक्षक चैतन्य प्रताप सिंह, आरक्षक मनोज कुमार मांझी, आरक्षक यशवंत पटेल, आरक्षक सतेंद्र बहादुर सिंह, आरक्षक रवि शर्मा और वाहन चालक हिम्मत सिंह शामिल थे।
 


तहसील स्थित पटवारी कार्यालय में ही रिश्वत लेते पकड़ाया

लोकायुक्त पुलिस टीम ने नटेरन तहसील स्थित पटवारी कार्यालय की घेराबंदी कर ली। इसके बाद शिकायतकर्ता प्रमेंद्र धाकड़ पटवारी के निजी कार्यालय पहुंचा और रिश्वत के 30 हजार रुपए जैसे ही पटवारी संदीप यादव ने लिए और जेब में रखे, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस टीम ने दबोच लिया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम, 2018) की धारा 7 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।



रिश्वत मांगने की सूचना देने की अपील

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन पर पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त भोपाल संभाग, भोपाल द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल वीरेंद्र सिंह चौहान ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी तत्काल सूचना दें।

कार्यालय- पुलिस अधीक्षक,

लोकायुक्त भोपाल संभाग, भोपाल

पुराना सचिवालय,  भोपाल मप्र

या

दूरभाष पर सूचना दें -9407293446.