Type Here to Get Search Results !

36 लाख की सड़क निर्माण के बदले 30 हजार की रिश्वत लेकर बाकी 6 हजार लेते एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रंगे हाथों गिरफ्तार

  • लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने नगर निगम ग्वालियर में ही कार्यपालन यंत्री को बकाया रिश्वत 6 हजार रुपए लेते हुए धर-दबोचा

ग्वालियर। सड़क निर्माण का 36 लाख रुपए का भुगतान करने के बदले 6 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए नगर निगम ग्वालियर के कार्यपालन यंत्री को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत नगर निगम में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के कार्यालय में ही ली जा रही थी।                                                                                       

दरअसल रिश्वत मांगने की शिकायत नगर निगम ग्वालियर में ठेकेदारी करने वाले सचिन पचौरी पुत्र प्रेम पचौरी, निवासी गैंडे बाली सड़क लश्कर, ग्वालियर ने 28 जुलाई 2026 को लोकायुक्त एसपी आफिस पहुंच कर की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके द्वारा किए गए सड़क निर्माण के कार्यों का अंतिम बिल 36 लाख रूपए भुगतान के लिए लंबित था। भुगतान संबंधी फाइलों पर हस्ताक्षर करने के एवज में फाइल की कुल राशि के भुगतान का एक प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही हैं।

शिकायत की जांच के दौरान ही 30 हजार रिश्वत ले ली

लोकायुक्त पुलिस ने पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा के निर्देश पर रिश्वत मांगने की शिकायत की जांच शुरु की, इसी दौरान आवेदक ठेकेदार से दिनांक 29 जुलाई 2026 को दो फाइलों के निराकरण करने के एवज में, 30,000 हजार रुपए की रिश्वत कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे ने ले ली। बाकी रिश्वत नहीं देने पर फाइलों पर हस्ताक्षर करने से साफ मना कर दिया।

सत्यापन के बाद बनाया गया ट्रैप दल

पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त निरंजन शर्मा ने रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन होने के बाद रिश्वतखोर को पकड़ने के लिए ट्रैप दल का गठन किया। इसमें उप पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह, निरीक्षक बलराम सिंह राजावत, श्रीमती अंजलि शर्मा, प्रधान आरक्षक जसवंत शर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज कुशवाहा, आरक्षक बलवीर, आरक्षक सुरेंद्र सेमिल, आरक्षक विनोद शाक्य, आरक्षक रवि सिंह, आरक्षक आरिफ खान, आरक्षक विशंभर सिंह शामिल थे।                                                                                                                                                                  

कार्यालय में ही रिश्वत लेते पकड़ा गया इंजीनियर

बकाया रिश्वत 6 हजार रुपए देने ठेकेदार नगर निगम कार्यालय में दिनांक 30 जुलाई 2026 पहुंचा। इसके पूर्व लोकायुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली थी। इसके बाद नगर निगम कार्यालय में आरोपी सुशील कटारे,कार्यपालन यंत्री नगर निगम ग्वालियर को स्वयं के कक्ष में रिश्वत राशि 6,000 रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके बाद रिश्वतखोर सुशील कटारे पिता स्व. जवाहर लाल कटारे, उम्र 62 वर्ष, वर्तमान पदस्थापना-कार्यपालन यंत्री नगर निगम ग्वालियर एवं निवासी 104 ई, विजया नगर चेतकपुरी, ग्वालियर के खिलाफ धारा 7, पीसी एक्ट 1988 ( संशोधित अधिनियम 2018) के अंतर्गत कार्यवाही की गई।

रिश्वत मांगने पर शिकायत करने की अपील

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश पर ग्वालियर लोकायुक्त इकाई लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त निरंजन शर्मा ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी-अधिकारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार करता है तो सूचना दें या संपर्क करें।

कार्यालय पुलिस अधीक्षक,

विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त,

संभाग ग्वालियर, मध्यप्रदेश

फोन नंबर - 0751-2457121