Type Here to Get Search Results !

कानपुर में 6 करोड़ रुपए का गांजा पकड़ाया, कंटेनर के सीक्रेट कंपार्टमेंट में छिपाकर होती थी तस्करी

  • कानपुर कमिश्नर की क्राइम ब्रांच का आपरेशन वाइट पाउडर हिट, 4.5 कुंतल गांजा लदे कंटेनर समेत तस्कर धरा गया
  • एडीसीपी की अगुवाई में क्राइम ब्रांच टीम का आपरेशन वाइट पाउडर में सफलता से जरायम की दुनिया में हड़कंप


कानपुर। नशे के तस्करों के खिलाफ जारी मुहिम के नतीजे में कानपुर पुलिस टीम को शानदार कामयाबी मिली है। क्राइम ब्रांच की टीम ने उड़ीसा से लाया गया 6 करोड़ रुपए का गांजा पकड़ा है।

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देशन में चलाए जा रहे आपरेशन वाइट पाउडर के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। एडीसीपी क्राइम सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच टीम ने सजेती थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 4.5 कुंतल गांजा से लदे कंटेनर का भंडाफोड़ कर तस्करी के बड़े नेटवर्क का पदार्फाश किया है। बरामद किए गए गांजा की कीमत लगभग छह करोड रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कंटेनर के साथ ही मौके से तस्कर रामेश्वर निवासी जयपुर, राजस्थान को भी गिरफ्तार कर लिया है।
 


क्राइम ब्रांच की सटीक सूचना, रणनीतिक निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते यह आपरेशन सफल रहा। पुलिस ने बरामद गांजा और कंटेनर को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अब आगे की जांच में पता किया जा रहा है कि नशे के सौदागरों में कौन-कौन शामिल है और कहां-कहां खपत होती थी।



कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से लगातार जारी रहेगा। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही नशा तस्करी में शामिल होने या इसमें मदद करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी।



कंटेनर सहित एक अभियुक्त गिरफ्तार

दिनांक 5 जुलाई 2026 को क्राइम ब्रांच एवं थाना सजेती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से लगभग 4.5 क्विंटल अवैध गांजा बरामद किया गया तथा रामेश्वर निवासी जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि गांजा ओडिशा के नवरंगपुर से लाकर राजस्थान, हरियाणा एवं एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। तस्करी के लिए ट्रक के कंटेनर में विशेष रूप से सीक्रेट कम्पार्टमेंट बनाया गया था। मामले में कानपुर कनेक्शन सहित अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-सुमित सुधाकर रामटेके, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण, कानपुर