Type Here to Get Search Results !

पन्ना : विद्यालय और सामुदायिक भवन परिसर में पौधारोपण, वन महोत्सव का समापन जनसहभागिता के साथ

पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल के शाहनगर वन परिक्षेत्र में वन महोत्सव-2026 के अंतिम दिवस बीट ताला अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय परिसर एवं नवनिर्मित सामुदायिक भवन परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।



पौधारोपण अभियान में जनपद सदस्य गुड्डी बाई,सरपंच भारत सिंह वन समिति अध्यक्ष फूलरानी,शिक्षक बच्चू सिंह,शोभे सिंह,रमेश सिंह,टीकम लाल कोरी, अतिथि शिक्षक नंदकिशोर कबीरपंथी, बालक सिंह, राजकुमार लोधी, बीटगार्ड उदयभान सिंह, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, वन समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वनरक्षक उदयभान सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सभी की है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें जीवित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।



उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। वन महोत्सव के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।