Type Here to Get Search Results !

शामगढ़ पुलिस के नशा मुक्ति अभियान को मिली प्रदेश स्तर पर सराहना

शामगढ़। शामगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस द्वारा चलाए गए "नशे से दूरी है जरूरी" जनजागरूकता अभियान को मध्य प्रदेश गृह विभाग ने प्रदेश स्तर पर सराहना दी है। गृह विभाग ने अभियान की गतिविधियों को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा की।


उल्लेखनीय है कि अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा, एसडीओपी दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय सहित शामगढ़ थाना पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा शामगढ़ से सुवासरा तक ट्रेन में यात्रा कर यात्रियों को भी जागरूक किया। इस दौरान सभी को नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

अभियान में सामाजिक संगठनों ने भी सहभागिता निभाई। ग्राम मेलखेड़ा की प्रभात फेरी समिति ने भजनों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। समिति के सदस्यों ने धार्मिक भजनों के साथ जनजागरूकता फैलाते हुए युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की अपील की।

मध्य प्रदेश गृह विभाग द्वारा इस अभियान को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्थान मिलने से शामगढ़ पुलिस के जनजागरूकता प्रयासों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस एवं सामाजिक संगठनों की इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए इसे नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।