Type Here to Get Search Results !

महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने कहा - समय पर पदोन्नति कर्मचारियों के मनोबल, आत्मविश्वास, कार्य के प्रति समर्पण बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम

  • जेल मुख्यालय में गरिमामय पिपिंग सेरेमनी आयोजित,  प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता एवं महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने पदोन्नत अधिकारी-कर्मचारियों को पहनाए स्टार एवं लाल फीती
भोपाल। मध्यप्रदेश जेल विभाग के जेल मुख्यालय, भोपाल में बुधवार को पदोन्नति प्राप्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता तथा महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने केंद्रीय जेल भोपाल एवं जेल मुख्यालय भोपाल में पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की वर्दी पर स्टार एवं लाल फीती लगाकर उन्हें प्रमुख मुख्य प्रहरी एवं मुख्य प्रहरी के पद पर पदोन्नति प्रदान की। इस अवसर पर जेल मुख्यालय के सिविल संवर्ग के पदोन्नत अधिकारी एवं कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।



समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता ने कहा कि पदोन्नति किसी भी कर्मचारी के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। यह केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि अधिक जिम्मेदारी और नेतृत्व का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि नई भूमिका में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन एवं सेवा भावना से विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।



महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने उनके लगभग दस माह के कार्यकाल में जेल विभाग में किए गए महत्वपूर्ण सुधारात्मक एवं आधारभूत विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जेलों में सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए इलेक्ट्रिक फेंसिंग की स्थापना, बंदियों की आवास क्षमता में वृद्धि, केंटीन सुविधा का विस्तार, शुद्ध पेयजल के लिए आरओ संयंत्रों की स्थापना, बंदियों के आध्यात्मिक एवं मानसिक विकास हेतु योग शिविरों का आयोजन, जेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए ओपन जिम की स्थापना तथा कर्मचारियों के लिए नवीन आवास निर्माण जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।



डॉ. वरुण कपूर ने कहा कि समय पर पदोन्नति कर्मचारियों के मनोबल, आत्मविश्वास एवं कार्य के प्रति समर्पण को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अनुशासन, निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जेल प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

समारोह में विशेष महानिदेशक जेल जी. अखेतो सेमा, अतिरिक्त महानिरीक्षक संजय पांडे, उप महानिरीक्षक मंशाराम पटेल, केंद्रीय जेल इंदौर के अधीक्षक दिनेश नरगावे, केंद्रीय जेल भोपाल के अधीक्षक मानेंद्र सिंह परिहार सहित जेल विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।