Type Here to Get Search Results !

गुरु पूर्णिमा पर व्यास परिवार ने निभाई गौसेवा की परंपरा, तीन गौशालाओं में पहुंचाई हरी घास

बेगमगंज। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर व्यास परिवार ने अपनी वर्षों पुरानी गौसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र की तीन गौशालाओं में हरी घास उपलब्ध कराई। परिवार की ओर से मवई गौशाला, कामधेनु गौशाला और कोल्हूघाट गौशाला में ट्रैक्टर-ट्रॉली से हरी घास पहुंचाई गई, जिससे गौशालाओं में संरक्षित गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था हो सकी।


इस सेवा कार्य में गांव के कई युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। गोलू साहू, अंकित साहू, शुभम ठाकुर, भूरा दांगी, राजेंद्र दांगी, अभिषेक ठाकुर, घनश्याम ठाकुर, किशोर प्रजापति और प्रभात ने व्यास परिवार के खेत से घास काटने, उसे ट्रॉली में लोड करने और संबंधित गौशालाओं तक पहुंचाकर उतारने तक का पूरा कार्य निःस्वार्थ सेवा भाव से किया। विशेष बात यह रही कि सभी युवाओं ने बिना किसी पारिश्रमिक के यह सेवा संपन्न की।

कामधेनु सेवा समिति के प्रमुख बसंत शर्मा ने बताया कि ग्राम मरखेड़ा ठप्पा का व्यास परिवार लंबे समय से आसपास की गौशालाओं में समय-समय पर हरी घास उपलब्ध कराकर गौसेवा का अनुकरणीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। कामधेनु सेवा संघ की ओर से व्यास परिवार और सेवा में सहयोग देने वाले सभी युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की गई।