- भाजपा ने सहकारिता से लेकर स्वायत्त संस्थाओं तक लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया:
भोपाल । मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 11 अगस्त को भोपाल में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी,पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सहित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सभी वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहेंगे।
श्री नायक ने बताया कि बैठक में प्रदेश में विपक्ष की भूमिका को और अधिक जनोन्मुखी, प्रभावी तथा जमीनी स्तर तक ले जाने की रणनीति तय की जाएगी। जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्थानीय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को चिन्हित कर उन्हें संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं। कांग्रेस अब राष्ट्रीय और प्रांतीय मुद्दों के साथ-साथ गांव से लेकर राजधानी तक के स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता से जनता के बीच ले जाएगी।
सहकारी आंदोलन को भाजपा सरकार ने गंभीर रूप से कमजोर किया
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, सहकारी बैंक, मंडी समितियां, उपभोक्ता भंडार एवं अधिकांश स्वायत्त संस्थाओं पर भाजपा का राजनीतिक कब्जा हो चुका है। विशेष रूप से सहकारी आंदोलन को भाजपा सरकार ने गंभीर रूप से कमजोर किया है। सरकार ने कानून में संशोधन कर सहकारी बैंकों में निर्वाचित व्यवस्था को समाप्त करते हुए अध्यक्षों को अनिश्चितकाल तक नामित रखने का प्रावधान कर दिया, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और सहकारिता की मूल भावना पर आघात पहुंचा है तथा इन संस्थाओं का राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है।
मंडियों में किसान भारी अव्यवस्था का सामना कर रहे
श्री नायक ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में किसान भारी अव्यवस्था का सामना कर रहे हैं। हर स्तर पर कमीशनखोरी हावी है। किसान कई-कई दिनों तक अपनी उपज ट्रॉलियों में लेकर धूप, बारिश और गर्मी में इंतजार करने को मजबूर हैं, जबकि मंडियों में पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद किसानों से मंडी शुल्क वसूला जा रहा है।
नगर निगमों एवं नगर पालिकाओं में भ्रष्टाचार चरम पर
उन्होंने कहा कि नगर निगमों एवं नगर पालिकाओं में भ्रष्टाचार चरम पर है। पेयजल व्यवस्था बदहाल है और जनता को दूषित पानी मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इंदौर जैसे बड़े नगर निगम में दूषित पानी से लोगों की मौतें होना सरकार की गंभीर विफलता का प्रमाण है।
खेल संगठनों, गैर सरकारी संस्थाओं तथा अन्य स्वायत्त संस्थाओं का राजनीतिक दुरुपयोग
श्री नायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश के खेल संगठनों, गैर सरकारी संस्थाओं तथा अन्य स्वायत्त संस्थाओं का भी राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों की अनदेखी कर राजनीतिक प्रभाव के आधार पर नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएसी की बैठक में इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा कर विपक्ष की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
प्रदेश में प्रतिशोध की राजनीति का वातावरण बनाया जा रहा
श्मुकेश नायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह करते कहा कि प्रदेश में प्रतिशोध की राजनीति का वातावरण बनाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उनके परिजनों, सहयोगियों तथा कांग्रेस नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। बार-बार पुलिस पूछताछ, झूठे मुकदमे, व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर दबाव तथा सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध हैं।
जीतू पटवारी भाजपा सरकार के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती
उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी आज भाजपा सरकार के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती बन चुके हैं क्योंकि वे लगातार जनता के मुद्दे उठा रहे हैं और सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रतिशोध की राजनीति से कांग्रेस न तो डरने वाली है और न ही अपने संघर्ष से पीछे हटने वाली है। जितना अधिक विपक्ष को दबाने का प्रयास होगा, उतनी ही अधिक मजबूती से कांग्रेस जनता की आवाज उठाएगी।
श्री नायक ने इंदौर पुलिस प्रशासन से भी अपील की कि वह राजनीतिक दबाव में कार्य न करे तथा कानून और संविधान के अनुरूप निष्पक्ष भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी राजनीतिक दल का औजार न बने क्योंकि लोकतंत्र में समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता।
राजधानी का नया मास्टर प्लान प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया
श्री नायक ने राजधानी भोपाल के मास्टर प्लान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्ष 1995 में लागू मास्टर प्लान वर्ष 2005 तक के लिए था, लेकिन दो दशक बीत जाने के बाद भी राजधानी का नया मास्टर प्लान प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया। इसके कारण शहर में अव्यवस्था और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विकास के लिए स्पष्ट टाउन प्लानिंग आवश्यक है, लेकिन भाजपा सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
अंत में श्री नायक ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के हर जनहित के मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाती रहेगी तथा पीएसी की बैठक के बाद संगठनात्मक और जनआंदोलन की आगामी रूपरेखा भी तय की जाएगी