बेगमगंज । नगर के खिरिया नारायण दास मोहल्ले में टेकरी के पीछे एक परिवार के बीच आवासीय प्लॉट को लेकर खूनी संघर्ष हो गया जिसमें दोनों तरफ से जमकर लाठियां एवं धारदार हथियार चले। विवाद में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता, पुत्र दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है । पुलिस ने एक दूसरे की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्जकर 7 लोगों को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि टेकरी के पीछे खिरिया नारायण दास मोहल्ले में शोएब बेग पिता अय्यूब बेग के घर के पास एक सरकारी प्लॉट पड़ा है। जिस पर उसका मामा शफीक बेग पिता फाजिल बेग कब्जा करना चाह रहा था। भांजे शोएब बेग ने आपत्ति की तो शफीक बेग , तौफीक बेग मुश्कान वी. नईमा बी. ने उस पर प्राणघातक हमलाकर दिया फिर दूसरे पक्ष के शोएब , तारिक उनकी नाबालिग बहन भी उनसे भिड़ गए। हमले में शोएब बेग , उसके भाई तारिक बेग एवं उनकी एक नाबालिग बहन को गंभीर चोटें आई है।
दूसरी ओर शोएब बेग एवं तारिक बेग के द्वारा किए गए हमले में शफीक बेग एवं उसके पुत्र तौफीक बेग को गंभीर चोट आने से जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है और उसकी पत्नी , पुत्री का यही इलाज कराया गया है।
पुलिस ने एक पक्ष से मुश्कान वी. एवं नईमा वी को हिरासत में ले लिया है जबकि दूसरे पक्ष के शोएब बेग एवं तारिक बेग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। और उनकी नाबालिग आरोपित बहन को बाल न्यायालय में पेश किया गया है। दोनों पक्षों पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।