Type Here to Get Search Results !

व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश, जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के आदेश

  • अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी ने ग्राम शाहपुर सुल्तानपुर का भ्रमण  एवं ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया
बेगमगंज। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी ने ग्राम शाहपुर सुल्तानपुर का भ्रमण कर शासकीय एकीकृत विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र एवं ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


विद्यालय के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाने के साथ कक्षा 5वीं और 6वीं के बच्चों से गुणा-भाग के प्रश्न हल करवाकर उनके शैक्षणिक स्तर का परीक्षण किया। एसडीएम ने स्वयं भी विद्यार्थियों को पढ़ाया और पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश शिक्षकों को दिए।

उन्होंने कहा कि आगामी परीक्षाओं को देखते हुए विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बेहतर हो और परीक्षा परिणाम में सुधार आए। कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षकों को विशेष रूप से अतिरिक्त समय देकर पढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद एसडीएम ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों को पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति जर्जर पाए जाने पर एसडीएम ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने संबंधित सीडीपीओ को आंगनवाड़ी केंद्र को तत्काल प्रभाव से किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर संचालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

एसडीएम ने ग्राम पंचायत भवन का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत स्तर पर आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सुचारू रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

एसडीएम प्रियंका भलावी ने कहा कि शासकीय संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार जरूरी है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।