Type Here to Get Search Results !

ऑल इंडिया सीएस (कंपनी सेक्रेटरी) परीक्षा में प्रथम राजस्थान की बेटी नागदा में विद्यार्थियों के बीच बनी प्रेरणा

  • मेजर ध्यानचंद जयंती समारोह में सम्मान
  • दो प्रतिभावान बेटियों ने जादूगर खिलाड़ी के कार्यक्रम में मेहमान के किरदार में किया दीप प्रज्वलित

नागदा (कैलाश सनोलिया)।  
देश की प्रतिष्ठित सीएस (कंपनी सेक्रेटरी) परीक्षा में ऑल इंडिया प्रथम स्थान हासिल करने वाली (राजस्थान) की विश्वकर्मा समाज की छात्रा विधि सुथार का शनिवार को उज्जैन जिले के एगोशदीप स्कूल में सम्मान किया गया। विधि का नागदा में ननिहाल है ,और परिणाम घोषित होने के बाद अपने नाना, स्व. श्रमिक नेता नंदकिशोर शर्मा के यहां नानी श्रीमती सुभद्रादेवी शर्मा तथा मामा एवं लायंस क्लब ग्रेटर के पूर्व अध्यक्ष विनयराज शर्मा से आशीर्वाद लेने पहुंची थीं।


गांव की धूलभूरी तंग गलियों की प्रतिभा

विधि ने सिद्ध किया प्रतिभा मात्र शहरों में नहीं गांव की धूल भरी तंग गलियों में भी होती है। वह प्रतापगढ़ के निकट गांव बारावरदा की निवासी हैं।

इस अवसर पर विद्यालय में मेजर ध्यानचंद जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विधि का सम्मान किया गया। इंदौर विश्वकर्मा समाज की छात्रा सलोनी शर्मा का भी इस अवसर पर सम्मान किया गया। सलोनी ने सीए की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वर्तमान में मुंबई की एक प्रसिद्ध कंपनी में कार्यरत हैं। यह प्रतिभावान छात्रा रामअवतार शर्मा की नातिन है।

कार्यक्रम के शुभारंभ में विधि और सलोनी ने मेहमान के किरदार में मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच दोनों प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना।

प्रतिभावान बेटियों का सम्मान

विद्यालय के संरक्षक रामअवतार शर्मा, मालवा अंचल विश्वकर्मा सुतार समाज केंद्रीय समिति के प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सनोलिया, सर्व विश्वकर्मा समाज कल्याण समिति के संरक्षक एवं शिक्षाविद् रामचंद विश्वकर्मा, ठेकेदार आरसी विश्वकर्मा, राजस्थान की समाजसेविका लक्ष्मी शर्मा, इंदौर युवा कल्याण विभाग की ब्लॉक समन्वयक सुश्री सपना कछवाय, पांचाल समाज के पूर्व अध्यक्ष प्रभुलाल पांचाल, शिक्षाविद् गोवर्धन पांचाल, सविता शर्मा इंदौर आदि ने दोनों प्रतिभाओं का सम्मान किया।

सफलता कभी नहीं मिलती अचानक

इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार श्री सनोलिया ने कहा कि सफलता अचानक नहीं मिलती। उसके पीछे लक्ष्य, निरंतर मेहनत, अनुशासन और स्वयं पर विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विधि ने जिस प्रकार देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, उससे विद्यार्थियों को प्रेरणा लेकर अपने करियर का लक्ष्य हासिल करना चाहिए। उन्होंने मेजर ध्यानचंद की खेल उपलब्धियों से भी विद्यार्थियों को प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

सीएस को बनाया लक्ष्य

इस पत्रकार से बातचीत में विधि ने बताया कि पारूल यूनिवर्सिटी (गुजरात) से बीबीए की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सीएस परीक्षा में प्रतिभागी बनकर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने सीएस को अपना लक्ष्य बनाया था। उनके पिता आशुतोष सुथार सिविल इंजीनियर हैं, जबकि माता प्रियंका एमकॉम एवं बीएड तक शिक्षित हैं, जोकि गृहणी है। भाई यश सुधार इंजीनियर है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के संचालक योगेश शर्मा और प्राचार्य श्रीमती कीर्ति शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच वॉलीबॉल मैच भी खेला गया। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। संचालन सुश्री प्रीति कांठेड एवं विद्यालय हेड गर्ल कुमकुम रावल ने किया।