Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश में एमएसएमई विकास, नीति निर्माण, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस, रोजगार सृजन, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा

  • फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे से नई​ दिल्ली में की भेंट
नई दिल्ली। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में केंद्रीय एमएसएमई एवं श्रम तथा रोजगार राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे से भेंट करके एमएसएमई नीतियों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष हिमांशु खरे, उपाध्यक्ष जयदेव ताम्रकर एवं सचिव प्रवीण आचार्य शामिल थे।


बैठक के दौरान मध्यप्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के विकास, नीति निर्माण, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस, औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, रोजगार सृजन, निवेश की संभावनाओं तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
 फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने मध्यप्रदेश के औद्योगिक एवं व्यापारिक परिदृश्य की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में एमएसएमई एवं उद्योग क्षेत्र के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई इकाइयों के लिए अनुकूल नीतियां, सरल एवं पारदर्शी प्रक्रियाएं तथा ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस की बेहतर व्यवस्था, उद्यमों के विकास और नए निवेश को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। 


उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्यमों को बेहतर बाजार, तकनीक, वित्तीय सुविधाएं एवं नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी अनुमतियों, पंजीयन, लाइसेंस एवं विभिन्न अनुपालनों की प्रक्रियाओं को सरल और समयबद्ध बनाना आवश्यक है। इससे मौजूदा एमएसएमई इकाइयों के विस्तार के साथ नए उद्यमों की स्थापना को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने इस अवसर पर  मंत्री को फेडरेशन द्वारा प्रस्तावित आयोजन, “विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन” में बतौर अतिथि सम्मिलित होने का आग्रह किया।