कानपुर (वेद गुप्ता)। पिछले दो दिनों की मूसलाधार वर्षा ने शुक्लागंज उन्नाव के "पॉश इलाके" साकेतपुरी को पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में ला दिया है । हालात यह हो गये हैं कि नाव तक चलने लगी है और स्थानीय लोगों का बीती रात से घरों से बाहर निकलना बंद हो गया है । विषम स्थितियों को देखकर तीन परिवारों ने पलायन कर दिया है । काम धंधा,रोज मर्रा के समान इत्यादि का जबरदस्त संकट उत्पन्न है,बावजूद इसके जनप्रतिनिधियों की आँखों में जूं तक नहीं रेंग रही है । सांसद,विधायक विशेष कर नगर पालिका अध्यक्ष/ अधिशासी अधिकारी की घोर उपेक्षा का दंश जनता झेल रही है ।
जल निकासी की समुचित व्यवस्था यानी नाले का निर्माण न होना इस बाढ़ का मुख्य कारण है । क्षेत्रीय सभासद नन्द किशोर मिश्रा के प्रति भी काफी नाराजगी है । ब्राह्मण कार्ड के बूते पालिका की सत्ता में काबिज प्रतिनिधि के विषय में प्रबुद्ध जनों का कहना है कि उनसे जब इधर की समस्या के बाबत चर्चा की जाती है तो उनका सीधा जवाब होता है मुझे यहां से वोट नहीं मिला है । इसलिए मेरी प्राथमिकता कहीं और है । ऐसे में जनता के सामने इस परेशानी का हल खोजना कड़ी चुनौती है । चुनाव ही लोकतंत्र का हथियार है जो अभी दूर है । हालांकि विधान सभा चुनाव निकट आ रहा है । कहीं की नाराजगी कहीं गुल खिला सकती है ।