Type Here to Get Search Results !

बेगमगंज में बर्बाद सोयाबीन फसल के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन

  • सोयाबीन के पौधे लेकर बेगमगंज तहसील कार्यालय पहुंचे किसान, मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन
बेगमगंज। अनियमित बारिश और फसलों में फैल रही बीमारियों के चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सोयाबीन की फसल में पीला मोजेक रोग, जबकि मक्का सहित अन्य फसलों में कीट एवं रोग लगने से बड़ी मात्रा में फसलें खराब हो गई हैं। बर्बाद हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर पर्याप्त मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।


किसान अपने साथ सोयाबीन के खराब पौधे लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याएं उठाईं। प्रदर्शन के बाद किसानों ने तहसीलदार प्रमोद उइके को मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में किसानों ने बेगमगंज तहसील को सूखाग्रस्त घोषित करने, प्राकृतिक आपदा और फसलों में बीमारी के कारण खराब हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराने तथा जिन किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हुई हैं, उन्हें पर्याप्त मुआवजा की मांग की है।

किसानों का कहना है कि फसलें खराब होने से उनकी लागत तक निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्हें सोसायटियों और साहूकारों का कर्ज चुकाने के साथ-साथ परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह और आगामी फसल की तैयारी भी करनी है। लेकिन अनियमित बारिश ने किसानों की पूरी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

किसानों ने मांग की कि सरकार तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराए। साथ ही वर्तमान फसल बीमा की राशि तथा वर्ष 2025-26 की लंबित फसल बीमा राशि का भुगतान भी जल्द कराया जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जिन गरीब सीमांत और लघु किसानों का फसल बीमा नहीं है, उन्हें राजस्व विभाग के आरबीसी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार किसानों को 14 घंटे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में किसान नेता भरत पटेल, अंशुल शर्मा, राहुल पटेल, लक्ष्मीनारायण, राघव गौर, शुभम ठाकुर, हरनाम सिंह लोधी, सुरेश पटेल, सचिन ठाकुर, दीपक यादव, लोकेश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।