ज्ञापन में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ वर्षों से कार्यरत शिक्षकों से पुनः शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) लिए जाने की व्यवस्था समाप्त करने तथा रायसेन जिले में 35 वर्ष की अर्हकारी सेवा पूर्ण कर चुके पात्र शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत/चतुर्थ समयमान वेतनमान की सूची जारी करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
राज्य कर्मचारी संघ के मान सिंह लोधी पूर्व जिला अध्यक्ष, राजेश पांडे संभागीय उपाध्यक्ष भोपाल, ब्लॉक अध्यक्ष दीपक सोनी एवं तहसील अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों की अनेक मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनके निराकरण में विलंब के कारण कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया।ज्ञापन में कहा गया कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों ने शासन द्वारा आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त किए हैं और उनके पास वर्षों का शिक्षण अनुभव है। ऐसे में अनुभवी शिक्षकों से पुनः पात्रता परीक्षा लेने की व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, नवीन शैक्षणिक संवर्ग की सेवा अवधि की गणना नियुक्ति दिनांक से करने, केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने तथा लिपिक संवर्ग को मंत्रालय के समान समयमान वेतनमान का लाभ देने की मांग की गई।
इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं स्थाई कर्मियों के नियमितीकरण, स्थाई कर्मियों एवं पंचायती राज संस्थाओं के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ, नवीन नियुक्तियों में स्टाइपेंड/परिवीक्षा व्यवस्था में संशोधन, विभिन्न विभागों की वेतन विसंगतियों के निराकरण के लिए वेतन आयोग के गठन तथा कृषि विस्तार अधिकारियों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में रायसेन जिले में 35 वर्ष की अर्हकारी सेवा पूर्ण कर चुके समस्त पात्र शिक्षकों, सहायक शिक्षकों, उच्च श्रेणी शिक्षकों तथा नवीन शैक्षणिक संवर्ग के पात्र शिक्षकों की चतुर्थ क्रमोन्नत/चतुर्थ समयमान वेतनमान की सूची तत्काल तैयार कर जारी करने की मांग की गई है।
संघ ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष, वन, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण, अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा मुख्य सचिव स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करने की मांग भी की।
राज्य कर्मचारी संघ ने शासन से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख मानसिंह लोधी पूर्व जिला अध्यक्ष मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारीसंघ, राजेश पांडे संभागीय उपाध्यक्ष , अशोक शर्मा, जीवन लोधी, केपी नायक राकेश पाराशर प्रदीप शर्मा, माखनलाल बघेल, मोहन कुशवाहा , मुकेश पटेल ,विनोद तिवारी, सुषमा व्यास ,चंद्रेश लोधी चतुर बिहारी गौड़ , मनोज वर्मा अनिल कौशिक ,जगदीश ठाकुर ,बाबूलाल लोधी अनिल रावत, देवेंद्र जैन, महेश राज ,अजय नेमा वृंदावन बैरागी ,योगेश चौरसिया, मुकेश राजपूत, धर्मेश साहू, संध्या मालवीय, मुकेश शिल्पकार, देवी सिंह लोधी, सुनील श्रीवास्तव, गुलाब वर्मा ,मिट्टू लाल प्रजापति ,लक्ष्मी नारायण शर्मा आदि अनेक कर्मचारी उपस्थित हुए, अंत में राजेश पांडे सेवा निवृत शिक्षक संभागीय उपाध्यक्ष ने आंदोलन में पधारे सभी साथियों को सहयोग करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया ।