Type Here to Get Search Results !

खेत पर करंट की चपेट में आया 13 वर्षीय मासूम, परिवार का बुझा इकलौता चिराग

बेगमगंज ।  सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां खेत पर गया एक 13 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। जिस बेटे के घर लौटने का पिता इंतजार कर रहा था, वही खेत में अचेत अवस्था में मिला। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम केसलोन में सोमवार शाम करीब चार बजे हेमराज कुशवाहा का 13 वर्षीय बेटा राजेश कुशवाहा अपने खेत पर गया था। इसी दौरान कुएं पर रखी विद्युत मोटर के तारों की चपेट में आने से वह करंट का शिकार हो गया। करंट इतना भीषण था कि उसके हाथ की उंगलियां तक झुलस गईं।

काफी देर तक राजेश के घर नहीं लौटने पर पिता हेमराज उसे तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। वहां बेटा अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल सुल्तानगंज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हेमराज के एक बेटा और एक बेटी हैं। राजेश उनका इकलौता बेटा था। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।