- ऑनलाइन निवेश में मोटे मुनाफे का दिया था लालच, संदिग्ध खाते से 22 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा

कानपुर नगर। ऑनलाइन निवेश के नाम पर 2 करोड़ 66 लाख 22 हजार रुपये की कथित साइबर धोखाधड़ी के मामले में कानपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच के दौरान बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चकेरी निवासी अखिल सिंह चौहान और सतेन्द्र यादव उर्फ टोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, 27 चेकबुक, 19 पासबुक और पांच फर्मों की मुहरें बरामद की हैं। बरामद बैंकिंग दस्तावेज 31 बैंक खातों से संबंधित बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जाजमऊ निवासी मोहम्मद अहमद लारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें ‘Finsol Private Limited’ नामक निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। आरोप है कि व्हाट्सऐप के माध्यम से ‘अनन्या कुलकर्णी’ नाम से संपर्क कर अलग-अलग चरणों में निवेश के लिए रकम जमा कराई गई। प्लेटफॉर्म पर शिकायतकर्ता को 9.74 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ दिखाया गया, लेकिन रकम निकालने के प्रयास पर टैक्स, सत्यापन और निकासी शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे गए। शिकायतकर्ता को कथित तौर पर कुल 2.66 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को ‘Sadbhavna Solution Pvt. Ltd.’ के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया स्थित खाते में छह अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 13.50 लाख रुपये प्राप्त होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, इस खाते के संचालन और धनराशि के लेन-देन में गिरफ्तार आरोपियों की कथित भूमिका सामने आई है। मामले में अन्य संदिग्धों और खातों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, संबंधित बैंक खाते के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर 38 शिकायतें दर्ज मिली हैं। इनमें आठ मामलों में अलग-अलग राज्यों में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी है। वहीं, 19 शिकायतों की जांच में इस खाते के माध्यम से लगभग 22 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस अब धनराशि के स्रोत, उसके हस्तांतरण और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर बयान दिया है।