Type Here to Get Search Results !

कानपुर मेट्रो: बड़ा चौराहा स्टेशन पर ‘शो योर टैलेंट’ के तहत सांस्कृतिक संध्या का हुआ आयोजन

  • नृत्य, संगीत, रैंप वॉक और संवाद अदायगी की प्रस्तुतियों ने जीता यात्रियों का दिल                                         

कानपुर नगर (वेद गुप्ता)।  कानपुर मेट्रो द्वारा आज ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ‘सीएसएफ प्रोडक्शंस’ के सहयोग से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने अपनी मनमोहक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं, मॉडलिंग में रुचि रखने वाले युवा प्रतिभागियों ने रैंप वॉक और संवाद अदायगी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना मिली।


कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर लगभग 3:00 बजे हुई। प्रतिभाशाली बाल कलाकारों ने ऊर्जा और उत्साह से भरपूर नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ‘तुझको शरारत सिखावां’, ‘बड़ी मुश्किल बाबा बड़ी मुश्किल’ और ‘जब ज़िद पर आ गई पार्वती’ जैसे लोकप्रिय गीतों एवं भजनों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कलाकारों ने खूब तालियां बटोरीं।


नृत्य प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों ने प्रभावशाली रैंप वॉक के जरिए अपनी कला और आत्मविश्वास का परिचय दिया। इसके साथ ही, युवा प्रतिभागियों ने दिए गए परिदृश्यों के अनुरूप अभिनय और संवाद अदायगी की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अगले चरण में विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज में गीत प्रस्तुत किए। उनकी सुरीली प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।


कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने इस आयोजन के लिए कानपुर मेट्रो के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘शो योर टैलेंट’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि कानपुर मेट्रो न केवल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध करा रहा है, बल्कि इस पहल के माध्यम से कला, साहित्य और संस्कृति को भी प्रोत्साहित कर रहा है। साथ ही, यह मंच उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपनी कला को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर प्रदान कर रहा है।