कानपुर। आगामी त्योहारों और विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा गया है। यह निर्देश शुक्रवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान दिए।
बैठक में दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा और छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध संकल्प शर्मा सहित विभिन्न जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा और छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध संकल्प शर्मा सहित विभिन्न जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बाजारों और संवेदनशील इलाकों पर रहेगी नजर
पुलिस आयुक्त ने पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। रिहायशी इलाकों में पटाखों की दुकानें संचालित न होने देने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने को कहा। अग्निशमन विभाग को आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आग से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सर्राफा बाजारों, पेट्रोल पंप, वाहन शोरूम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने को कहा गया। सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान लगने वाले अस्थायी बाजारों में दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगवाने और यातायात बाधित न होने देने पर भी जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को रात में गश्त के दौरान रेट्रो-रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनकर संदिग्धों की जांच करने को कहा गया।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाएं
अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान पुलिस आयुक्त ने जेल से छूटे अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और लूट, चेन स्नैचिंग, चोरी तथा नकबजनी में सक्रिय अपराधियों की निगरानी करने के निर्देश दिए। वांछित और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाने को कहा गया। कोतवाली, कल्याणपुर, रावतपुर और नजीराबाद समेत विभिन्न थानों के इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
रावतपुर में हत्या के लंबित मामले का जल्द अनावरण करने के साथ गोविंद नगर, कल्याणपुर, महाराजपुर, चकेरी और जाजमऊ में लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। कोतवाली, चकेरी, किदवई नगर, फीलखाना, रेलबाजार, नवाबगंज और अन्य थानों में निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कमी दूर करने के निर्देश दिए गए। सक्रिय और आदतन अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार जिला बदर की कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
साइबर अपराध की रोकथाम के लिए यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य और प्रतिबिंब पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया। संदिग्ध मोबाइल नंबरों, आईएमईआई और साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले खातों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और गलत सूचनाओं की निगरानी करते हुए तथ्यों के आधार पर तत्काल जवाब देने को कहा गया।
बैठक में जनशिकायतों, आईजीआरएस, ई-समन और पुलिसिंग ऐप से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। सितंबर की आईजीआरएस रैंकिंग में शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और उनसे संपर्क के स्तर को देखते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को सुधार करने के निर्देश दिए गए। ग्राम चौकीदारों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने और संभावित विवादों को समय रहते रोकने को कहा गया।
इसके अलावा स्कूल वाहनों की जांच, चालकों और परिचालकों के सत्यापन तथा परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को लंबित जनशिकायतों, मानवाधिकार मामलों और विभागीय जांचों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ विवेचनाओं की नियमित समीक्षा और अधीनस्थ कर्मचारियों के कामकाज की निगरानी करने को भी कहा गया।
