- कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से विशेष आग्रह
हाल ही में हुई घटना में कैप्टन मच्छार ने स्वयं गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद असाधारण साहस का परिचय देते हुए विमान में सवार 174 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के जीवन की रक्षा की। अत्यंत विषम परिस्थितियों में उनका धैर्य, त्वरित निर्णय और कर्तव्य के प्रति समर्पण मानवता एवं राष्ट्र गौरव का अनुपम उदाहरण है।
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक क्या है?
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली जीवन रक्षा पदक श्रृंखला का सर्वोच्च सम्मान है। यह उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने स्वयं के जीवन को अत्यंत गंभीर खतरे में डालकर दूसरों के प्राण बचाने के लिए असाधारण साहस का प्रदर्शन किया हो।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार का यह कार्य इस सम्मान की भावना और मानदंडों पर पूरी तरह खरा उतरता है। उन्होंने न केवल सैकड़ों लोगों के जीवन की रक्षा की, बल्कि विश्व मंच पर भारतीय साहस, पेशेवर उत्कृष्टता और मानवीय मूल्यों की एक प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत की है।
कैट मध्यप्रदेश के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार का साहस पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है। ऐसे वीर भारतीय का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान किया जाना देशवासियों के लिए भी गर्व की बात होगी।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा स्वयं कैप्टन मच्छार के साहस की सराहना किया जाना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उचित होगा कि राष्ट्र उनकी वीरता को सर्वोच्च नागरिक जीवन-रक्षा सम्मान प्रदान कर औपचारिक रूप से सम्मानित करे।
उन्होंने कहा कि भारत वीरों की भूमि है और कैप्टन स्मित मच्छार ने अपने साहस से इसे एक बार फिर प्रमाणित किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा दिए जाने वाले “वसुधैव कुटुम्बकम” के संदेश को भी कैप्टन मच्छार ने अपने कर्तव्य और मानवीय संवेदना के माध्यम से सार्थक किया है।
कैट द्वारा नागरिक अभिनंदन
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि कैट एवं देशभर का व्यापारिक समुदाय कैप्टन मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा है। देश के करोड़ों व्यापारी उनके साहस को नमन करते हैं और उनके पूर्ण स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार जब भी भारत आएंगे, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा उनका भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित होकर इस वीर भारतीय का सम्मान करेंगे।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि कैट मध्यप्रदेश सहित देशभर के व्यापारी कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को सलाम करते हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।