Type Here to Get Search Results !

पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल ने थाना काकादेव क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कानपुर (वेद गुप्ता)। आज दिनांक 18.10.2026 को शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल डॉ0 अर्चना सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर श्रीमती ज्योति श्री द्वारा थाना काकादेव क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई।


पैदल गश्त के दौरान प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।

इस अवसर पर संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित पैदल गश्त करने, प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।