Type Here to Get Search Results !

सड़क सुधार एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

  • जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा रात्रिकालीन निरीक्षण
कानपुर (वेद गुप्ता)।  जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा रात्रिकालीन निरीक्षण के अंतर्गत शहर के विभिन्न मार्गों, निर्माण कार्यों एवं स्वच्छता व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क मरम्मत, स्वच्छता एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराएं तथा जनसुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।


1. सीएम ग्रिड योजना, परेड मार्ग: परेड के समीप संचालित कार्यों के निरीक्षण के दौरान जंक्शन पॉइंट की समस्याओं का निस्तारण कर मार्ग को प्राथमिकता पर मोटरेबल बनाने एवं कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। फुटपाथ पर स्ट्रीट वेंडिंग योजना के अंतर्गत अधिकृत विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्थान निर्धारित करने हेतु नगर आयुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे अनधिकृत कब्जों एवं राजस्व की क्षति को रोका जा सके।

2. टेफ्को के निकट गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट: जिलाधिकारी महोदय द्वारा मुख्य मार्ग पर स्थित उक्त स्थल का निरीक्षण कर गमले स्थापित कराने एवं स्थल का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मुख्य मार्ग पर कहीं भी कूड़ा एकत्रित न होने देने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके पर जोनल स्वच्छता अधिकारी उपस्थित रहे।


3. राजीव पेट्रोल पंप, स्वरूप नगर: नगर निगम द्वारा कराए जा रहे पैचवर्क के निरीक्षण में सड़क क्षतिग्रस्त एवं चौराहे पर गड्ढे पाए गए। अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने लगभग 180 मीटर पैचवर्क प्रस्तावित होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी महोदय ने तत्काल मरम्मत, अस्थायी अतिक्रमण एवं अवैध होर्डिंग्स हटाने तथा चौराहे का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।

4. कंपनी बाग चौराहा एवं वी-मार्ट मॉल के सामने: लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए पैचवर्क का निरीक्षण किया गया। कंपनी बाग चौराहे से चिड़ियाघर की ओर लगभग 5.1 किलोमीटर मार्ग को पूर्णतः मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को जल निगम, मेट्रो, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके उपरांत लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए पैचवर्क के संपूर्ण मार्ग का निरीक्षण भी किया गया।

5. निरीक्षण की इसी कड़ी में जिलाधिकारी महोदय द्वारा थाना बजरिया के निकट वार्ड संख्या-3, चुन्नीगंज में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर सड़क की एक तरफ निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शेष कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। मार्ग पर व्याप्त अस्थायी अतिक्रमण को नगर निगम से समन्वय स्थापित कर अभियान चलाकर हटाने तथा मार्ग को सुचारु बनाने के निर्देश दिए गए।