Type Here to Get Search Results !

मातृ नवमी तर्पण / कोख में मारी गई बेटियों का पिंडदान

  • मातृ नवमी पर मातृशक्तियां करेंगी महातर्पण: कोख में मारी गई अजन्मी बेटियों, देहदानियों व अमर शहीदों को दिया जाएगा जलदान
कानपुर (वेद गुप्ता)।  युग दधीचि देहदान संस्थान की ओर से शुक्रवार को बिरहाना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट/मिष्ठान भंडार में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। वार्ता के दौरान संस्थान के संस्थापक व संयोजक मनोज सेंगर ने बताया कि आगामी 4 अक्टूबर (रविवार) को नगर के सरसैया घाट पर मातृ नवमी के पावन अवसर पर विदुषी महिलाएं उन अजन्मी बेटियों को जलदान देकर मोक्ष की कामना करेंगी, जिन्हें पुत्र मोह के कारण गर्भ में ही मार दिया गया था। इसके साथ ही देहदानियों और अमर शहीदों के निमित्त भी तर्पण व पिंडदान संपन्न कराया जाएगा।


मनोज सेंगर ने कहा कि समाज में आमतौर पर यह भ्रांति रही है कि महिलाएं तर्पण आदि नहीं कर सकतीं। इस रूढ़िवादी मिथक को तोड़ते हुए संस्थान वर्ष 2011 से अनवरत पितृपक्ष में महिलाओं द्वारा सार्वजनिक तर्पण का आयोजन करा रहा है। यह वैदिक काल में महिलाओं को प्राप्त धार्मिक अधिकारों की पुनर्वापसी का एक सार्थक प्रयास है।

पत्रकार वार्ता में मनोज सेंगर के साथ विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव महाना, धर्म संघ संयोजक पं. शेषनारायण त्रिवेदी 'पप्पू भैया', पूर्व सीएमओ डॉ. वी.सी. रस्तोगी एवं अनिल राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की प्रमुख रूपरेखा

दीप प्रज्ज्वलन: 4 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे सरसैया घाट पर कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व महापौर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण एवं विधायक नीलिमा कटियार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा।

मुख्य पूजन: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दौहित्री नंदिता मिश्रा, भावना महाना एवं डॉ. अलका दीक्षित द्वारा संपन्न किया जाएगा।

देव पूजन: महिला आयोग की सदस्य डॉ. अनीता गुप्ता, डॉ. सीमा श्रीवास्तव व साधना महाना द्वारा किया जाएगा।

महाआरती: गोल्डी मसाले के निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्ता, मनोज अग्रवाल एवं डॉ. उमेश पालीवाल महाआरती करेंगे।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार की बहनों समेत शहर की दर्जनों प्रबुद्ध व विदुषी महिलाएं अपने तर्पण अधिकार का प्रयोग करते हुए आहुति देंगी।