Type Here to Get Search Results !

बेगमगंज में डायल 112 के पायलट की लापरवाही से बड़ा हादसा

  • सड़क किनारे खड़ी मसूर से भरी पिकअप में जा घुसा पुलिस वाहन; 112 बुरी तरह क्षतिग्रस्त
  • शराब का नशा या नींद की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चलाने का लोगों ने आरोप लगाया 
  • लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कर लापरवाह पायलट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

बेगमगंज  ।  नगर के वार्ड क्र 18 श्यामनगर में सोमवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच डायल 112 वाहन पायलेट पुष्पेंद्र लोधी की लापरवाही से सड़क किनारे खड़ी मसूर से भरी एक पिकअप से भिड़कर क्षतिग्रस्त हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेजरफ्तार से आ रहा डायल 112 वाहन सीधे पिकअप में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ओर उसमें सवार पायलेट पुष्पेंद्र लोधी एवं पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी और डायल 112 वाहन का पायलट पुष्पेंद्र लोधी कथित तौर पर नींद या शराब के नशे की हालत में वाहन चला रहा था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पुलिस वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक का ध्यान सड़क पर नहीं था। हादसे में पिकअप को भी नुकसान पहुंचा है। मसूर से भरी पिकअप भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

इस घटना ने डायल 112 की ड्यूटी व्यवस्था और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, ड्यूटी में चार पायलट होने के बावजूद यदि वाहन चालक नींद या थकान की स्थिति में गाड़ी चला रहे हैं, तो यह बेहद चिंताजनक है। आपातकालीन सेवा में तैनात वाहन का चालक यदि स्वयं सतर्क नहीं रहेगा, तो वह आम नागरिकों की सुरक्षा के बजाय उनके लिए खतरा बन सकता है।

पुलिस की तत्काल सहायता वाहन डायल 112 का उद्देश्य संकट के समय लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाना है, लेकिन इस तरह की कथित लापरवाही से न केवल सरकारी वाहन को नुकसान होता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

वरिष्ठ अधिकारी लें संज्ञान, हो निष्पक्ष जांच -


स्थानीय लोगों ने पुलिस और डायल 112 के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी जांच की जानी चाहिए कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, उसकी ड्यूटी कितने घंटे की थी, क्या चालक पर्याप्त आराम कर चुका था और वाहन की गति निर्धारित सीमा में थी या नहीं

सरकारी संसाधनों की सुरक्षा और आम नागरिकों की जान की जिम्मेदारी तय करना आवश्यक है। यदि जांच में पायलट की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसको लेकर चालकों की जांच कराए जाने की मांग भी की जा रही है।