- निष्पक्ष जांच, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की उठाई मांग
कानपुर। संतोष सिंह चौहान की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस की विवेचना एवं अब तक की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए आज 18 नवंबर 2026 को पुलिस कमिश्नर, कानपुर नगर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 7 नवंबर 2026 को शाम लगभग 7:30 बजे कल्याणपुर थाना क्षेत्र में स्थित मिडवे रेस्टोरेंट आवास के समीप आवास विकास-3 चौकी क्षेत्र में थार गाड़ी की टक्कर से श्री संतोष सिंह चौहान (62 वर्ष), निवासी सी-ब्लॉक 355, स्वराज नगर, पनकी, कानपुर की मृत्यु हो गई थी।
परिजनों एवं ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र करने और सुरक्षित रखने में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। ज्ञापन में सीसीटीवी फुटेज, आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), व्हाट्सऐप चैट, लोकेशन ट्रैकिंग तथा वित्तीय लेनदेन की जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी सवाल उठाया गया कि घटना के बाद तत्काल पुलिस द्वारा परिवार को सूचना देने, घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य सुरक्षित करने तथा आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने की उचित कार्रवाई क्यों नहीं की गई? साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी एवं जमानत की परिस्थितियों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा प्रभाव की आशंका के बिना पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गईं—
1. मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
2. घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कराए जाएं।
3. आरोपी एवं उसके पिता से संबंधित आवश्यक डिजिटल साक्ष्यों की जांच हो।
4. कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप रिकॉर्ड एवं लोकेशन की जांच कराई जाए।
5. वाहन चालक के नशे में होने तथा वाहन की गति से संबंधित तथ्यों की जांच हो।
6. आरोपी को मिली जमानत एवं पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच हो।
7. घटना से जुड़े वित्तीय लेनदेन एवं संभावित हस्तक्षेप की जांच की जाए।
8. दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रमुख प्रतिनिधियों में डॉ. गायत्री सिंह (अध्यक्ष, साहित्यकार सहयोग संगठन), डॉ. सुषमा देवी सेंगर (संयोजक/महासचिव, साहित्यकार सहयोग संगठन), डॉ. माया सिंह (मंडल अध्यक्ष, अ०भा०क्ष०म०), डॉ. वीना उदय (अध्यक्ष, अ०भा०क्ष०म०), वीरेंद्र सिंह, नीतू चौहान, इंजीनियर श्याम सुंदर सिंह, धीरेंद्र भदौरिया, योगेश भदौरिया, उमाशंकर सिंह, शेर सिंह भदौरिया, राकेश राठौर तथा सनातन वैवाहिक बंधन के वीरेंद्र चौहान एवं धीरज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मृतक के पुत्र राहुल चौहान एवं पुत्री श्रुति चौहान भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने एक स्वर में कहा कि यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि न्याय और निष्पक्ष जांच की लड़ाई है। किसी निर्दोष को परेशान किए बिना दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
