रेलिक रिपोर्टर, शाहजहांपुर.
जलालाबाद के कोला गांव में बीती शाम बाजार से वापस आ रहीं दो नाबालिग लड़कियों का बोलेरो सवार पांच लोगों ने अपहरण कर लिया। अपहरण कर्ताओं ने चलती बोलेरो में ही उनसे रेप किया और इसके बाद पड़ोसी जिला हरदोई की सीमा के गांव में एक खेत में रात भर बंधक बनाए रखकर दुराचार करते रहे। सुबह जैसे तैसे उनके चंगुल से छूटकर दोनों लड़कियां घर पहुंची और परिजनों को घटना बताई। जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस लड़कियों से घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। अभी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। लड़कियों ने अपहरण करने वालों में से एक को पहचान लिया है।
रातभर गन्ने के खेत में बंधक बनाकर पांच अपराधियों ने किया दुराचार
जलालाबाद के कोला गांव निवासी एक व्यक्ति की 15 वर्षीय पुत्री और 14 वर्षीय पौत्री बीती शाम सब्जी खरीदने के लिए बझेड़ै चौराहे पर गई थीं। उधर से शाम करीब साढ़े छह बजे वापस लौट रही थीं, तभी बझेड़ा पुल के पास बोलेरो सवार पांच लोगों ने दोनों का अपहरण कर लिया। इनमें से पड़ोसी गांव गुरगवां के रामू को दोनों ने पहचान लिया। दोनों के साथ चलती बोलेरो में ही दुराचार किया गया। रात में ही दोनों लड़कियों को लेकर वे लोग हरदोई जिले के थाना पचदेवरा अंतर्गत ग्राम चौकी पहुंचे। जहां दोनों लड़कियों को रात भर गन्ने के खेत में रखा गया। उन लोगों ने रातभर दोनों से रेप किया। सुबह किसी तरह दोनों वहां से छूट कर निकल सकी। इसके बाद वे जैसे तैसे पूर्वान्ह 11 बजे घर पहुंचीं। इस बीच परिजन उन्हें हर जगह तलाश करते रहे।
घर पहुंच कर लड़कियों ने सारी घटना बताई। इसके बाद परिजन गांव के तमाम लोगों के साथ उन्हें थाने ले गए और रामू का नाम बताते हुए तहरीर दी। कोतवाल रंजीत सिंह यादव ने बताया कि अभी लड़कियों से घटना की जानकारी ले रहे हैं।, जल्द ही कार्रवाई भी होगी।
नाबालिग बुआ-भतीजी से चलती बोलेरो में गैंगरेप
अगस्त 13, 2014
Tags
