रेलिक रिपोर्टर, शाहजहांपुर.
बीती
रात रोजा थाना अंतर्गत हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र पर बदमाशों ने धावा बोल
दिया। कैश न मिलने पर बदमाशों ने स्टेशन आपरेटर की तमंचों की बट से पिटाई
कर दी। जिससे उसका सिर फूट गया। बदमाशों ने उपकेंद्र पर जमकर तोड़फोड़ की और
फाइलें तक फाड़ डालीं। इसके बाद वे मोबाइल व अन्य सामान लूट कर चले गए। घटना
की तहरीर थाने पर दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। जिससे नाराज
विद्युत कर्मचारियों ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन भी किया।
बिजली सब स्टेशन में तोडफोड, मोबाइल व अन्य सामान लूटा
बिफरे बिजली कर्मचारियों ने किया पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
रोजा
के हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र पर अरविंद पाल वर्मा (40) संविदा कर्मचारी है
और स्टेशन आपरेटर का काम देखता है। बीती रात वह उपकेंद्र पर ही था, तभी
पांच हथियारबंद बदमाश आ धमके। बदमाशों ने अरविंद को असलहों की नोक पर ले
लिया और कैश के बारे में पूछने लगे। अरविंद के यह कहने पर कि उपकेंद्रों पर
कैश नहीं होता है, बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी और तमंचे की बट मारकर उसका
सिर फोड़ डाला। कैश न मिलने से बदमाश इतने खिसिया गए कि उन्होने उपकेंद्र
पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। अलमारियां तोड़कर फाइलें फाड़ डालीं। इसके बाद बदमाशों
ने उपकेंद्र पर काम आने वाले कुछ उपकरण, वहां रखी एक अटैची और मोबाइल उठा
लिया। इसके बाद फरार हो गए। रात में ही अरविंद पाल ने घटना की सूचना थाने
पर दी। सुबह घटना की तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इससे नाराज बिजली कर्मचारियों ने उपकेंद्र पर ही प्रदर्शन करते हुए रिपोर्ट
लिखे जाने की मांग की।
हथौड़ा बिजली के सबस्टेशन आपरेटर को तमंचों से पीटा
सितंबर 27, 2014
Tags
