Type Here to Get Search Results !

गोदाम में आग लगने से 25 लाख की रूई स्वाहा

रेलिक रिपोर्टर, शाहजहांपुर.
 
शहर में बीती रात रूई के एक गोदाम में आग लग गई। रात से सुबह तक दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। आग से करीब 25 लाख की रूई जलने का अनुमान है। रूई कारोबारी का कहना है कि आग रंजिशन लगाई गई है। 


गोदाम में आग लगने से 25 लाख की रूई स्वाहा
शहर के मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी नन्हें खां रूई के थोक व्यापारी हैं। उन्होने गदियाना मोहल्ले में एक गोदाम ले रखा है। गोदाम पर टीन शेड पड़ा था। सीजन होने के कारण गोदाम में रूई का भारी स्टाक था। करीब 25 लाख की रुई थी। बीती रात करीब 12 बजे रूई के गोदाम से लपटों के साथ गाढ़ा धुआं उठने लगा। इसकी इत्तिला पास पड़ोस के लोगों ने नन्हें खां व फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गईं। सुबह तक पांच गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच रूई के गोदाम से उठ रहे धुएं से मोहल्ले में धुंध छाई रही।