Type Here to Get Search Results !

बालिकागृह से 5 बच्चियों के भागने के मामले की जांच पूरी, प्रभावी लोगों के नाम शामिल होने की शंका

जावरा/रतलाम
 कुंदन कुटीर बालिकागृह की अंदरूनी व्यवस्था तथा यहां से भागने वाली लड़कियों के बयान आधारित जांच मंगलवार शाम पूरी हो गई। जांच अधिकारी एसडीएम एमएल आर्य सभी पक्षों के बयान और दस्तावेज एक कर फाइनल जांच प्रतिवेदन बुधवार को कलेक्टर को पेश करेंगे। इसमें बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है। यह भी चर्चा है कि कुछ प्रभावी लोग जांच के दायरे में आ सकते हैं। जांच अधिकारी एसडीएम का कहना है निष्पक्ष व तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट पेश की जाएगी। जो तथ्य व गंभीर बातें सामने आईं वे रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगी। अभी किसी भी तरह की अधिकृत जानकारी नहीं दी जा सकती है।
पिपलौदा रोड प्रतापनगर कॉलोनी में स्थित कुंदन कुटीर बालिकागृह से 24 जनवरी की सुबह 11 बजे पांच लड़कियां भाग गई थी। बाद में ये सभी मंदसौर से मिल गई। इन्होंने शुरुआती बयान में भरपेट खाना नहीं देने तथा जरूरत से ज्यादा बंदिशें लगाने की बात पर खुद ही भागना बताया था। कलेक्टर द्वारा गठित जांच कमेटी ने गहराई से जांच की तो चौंकाने वाली कुछ अन्य जानकारियां सामने आई हैं। इसी के बाद से प्रशासनिक महकमे तथा राजनीतिक हल्के में सरगर्मी बढ़ गई।
सोमवार रात 8 बजे आनन-फानन में प्रशासन ने बालिकागृह में रहने वाली बाकी सभी 25 लड़कियों को रतलाम वन स्टाप सेंटर में शिफ्ट कर दिया। इससे मामले की गंभीरता बढ़ गई। क्योंकि प्रशासन ने अचानक यह कदम उठाया। जांच रिपोर्ट पेश होने तक अधिकारी मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। मंगलवार को भी एसडीएम ने बालिकागृह का संचालन करने वाली संस्था अध्यक्ष संदेश जैन व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। इसी के साथ जांच पूरी हो गई है।
दोपहर में पूर्व संचालिका एवं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. रचना भारतीय ने भी जांच अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखा। इसके बाद एसडीएम ने कहा जांच पूरी हो चुकी है। बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में रिपोर्ट पेश करेंगे। वहीं से बाकी जानकारी मिल पाएगी। हम कुछ नहीं बता सकते हैं। बुधवार को रतलाम शिफ्ट हुई बालिकाओं की महिला एवं बाल विकास विभाग और बाल कल्याण समिति काउंसलिंग करेगी।