फिल्म निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी पर यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने खुद को हिरानी का असिस्टेंट बताया। उसने फिल्म संजू (2017) की शूटिंग के दौरान हिरानी के साथ काम करने का दावा किया। उधर, हिरानी ने आरोपों से इनकार किया है। उनके वकील आनंद देसाई ने आरोपों को झूठा, निंदनीय, किसी से प्रेरित और अपमानजनक करार दिया।
मार्च-सितंबर 2018 में शोषण का आरोप
- हफपोस्ट इंडिया वेबसाइट पर लिखे आर्टिकल में महिला ने खुद को हिरानी का सहयोगी बताया। उनका आरोप है कि हिरानी ने पिछले साल मार्च से सितंबर के बीच एक से ज्यादा बार शोषण किया। महिला ने 3 नवंबर को हिरानी के लंबे समय से साथी रहे और संजू के सह-निर्माता विधु विनोद चोपड़ा को इसी संबंध में एक ईमेल भी किया था।
- पीड़िता ने कहा- 9 अप्रैल 2018 को हिरानी ने पहली बार यौन विचारोत्तेजक टिप्पणी की और बाद में अपने घर पर बने ऑफिस में शोषण किया।
- विधु विनोद चोपड़ा को लिखे ईमेल में पीड़िता ने लिखा, "सर, यह गलत है। आपके पास काफी ताकत है और महज आपकी सहायक होने के नाते मैं कुछ भी नहीं हूं। मैं आपके सामने खुद को व्यक्त नहीं कर पाऊंगी।''
- ईमेल के मुताबिक- हिरानी मेरे लिए पिता की तरह थे। उस रात और अगले छह महीने के लिए मेरा दिमाग, शरीर और दिल सुन्न पड़ गया था। चोपड़ा की पत्नी और फिल्म समीक्षक अनुपमा, 'संजू' के लेखक अभिजात जोशी और विधु विनोद चोपड़ा की बहन शैली को भी ईमेल भेजा गया था।
