विधानसभा चुनाव में उम्मीद के मुताबिक परिणाम न आने के चलते भाजपा ने बुधवार को 11 जिला अध्यक्षों को हटा दिया। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर खराब प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्षों को हटाया गया है। भोपाल के जिला अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह को हटाकर विकास वीरानी को कमान दी गई है।
पिछले दिनों पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल भोपाल आए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को फ्री हैंड देते हुए कहा था कि वे खराब प्रदर्शन और पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने वाले जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों को बदल सकते हैं। उसके बाद यह सर्जरी की गई है। रतलाम के जिला अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान की कई शिकायतें हुई थीं। पार्टी ने अध्यक्षों को बनाने में क्षेत्रीय जातिगत समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है।
सुरेंद्रनाथ सिंह भोपाल के चार बार जिला अध्यक्ष रहे हैं। पहली बार वे 1991-92 में जिला अध्यक्ष बने थे। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में वे मध्य सीट से खड़े हुए थे और कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ मसूद से हार गए थे। उन पर जिला कार्यकारिणी पर ध्यान न देने और सक्रिय न रहने के आरोप लगे थे।
उमा के समर्थक: नए जिला अध्यक्ष वीरानी को दमोह सांसद प्रहलाद पटेल और महापौर आलाेक शर्मा का नजदीक माना जाता है। पटेल ने ही उन्हें जिला महामंत्री बनवाया था। जब उमाभारती ने भारतीय जनशक्ति पार्टी बनाई थी उस दौरान वीरानी भाजश में शामिल हो गए थे। इसके बाद उमा भारती व प्रहलाद पटेल की भाजपा में वापसी के बाद उनकी वापसी हुई थी। भोपाल के जिला अध्यक्ष के लिए पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता और सुनील पांडे के नाम पर भी विचार हुआ था। लेकिन, बाद में तय हुआ कि जिले में जो सक्रिय है उसे कमान सौंपी जाए।
विरोध भी शुरू: वीरानी को जिला अध्यक्ष बनाने के बाद अंदरूनी तौर पर उनका विरोध भी शुरू हो गया है। पदाधिकारियों की दलील है कि वीरानी से भी वरिष्ठ कार्यकर्ता पार्टी में हैं। भाजपा ने जिन जिला अध्यक्षों को हटाया है उन्हें प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। इनमें सुरेंद्रनाथ सिंह भोपाल, अशोक गर्ग श्योपुर, अनूप सिंह भदौरिया मुरैना, संजीव कांकर भिंड, जयकुमार सिंघई अशोकनगर, सुनील जैन डिंडौरी, राकेश अग्रवाल अलीराजपुर, कान्हसिंह चौहान रतलाम, चंदर सिंह सिसोदिया मंदसौर, आधाराम वैश्य अनूपपुर, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह छतरपुर और अभयप्रताप सिंह यादव टीकमगढ़ हैं।
ये बने नए जिला अध्यक्ष
जिला नए अध्यक्ष
भोपाल नगर- विकास वीरानी
श्योपुर - गोपाल आचार्य
मुरैना- केदार सिंह यादव
भिंड- नाथूसिंह गुर्जर
अशोक नगर- धर्मेंद्र रघुवंशी
छतरपुर- मलखान सिंह
डिंडौरी- संजय साहू
अलीराजपुर- किशोर शाह
रतलाम- राजेंद्र लुनेरा
मंदसौर- राजेंद्र सुराना
अनूपपुर- बृजेश गौतम
जिला नए अध्यक्ष
भोपाल नगर- विकास वीरानी
श्योपुर - गोपाल आचार्य
मुरैना- केदार सिंह यादव
भिंड- नाथूसिंह गुर्जर
अशोक नगर- धर्मेंद्र रघुवंशी
छतरपुर- मलखान सिंह
डिंडौरी- संजय साहू
अलीराजपुर- किशोर शाह
रतलाम- राजेंद्र लुनेरा
मंदसौर- राजेंद्र सुराना
अनूपपुर- बृजेश गौतम
