Type Here to Get Search Results !

रेलवे ट्रैक पर 200 मीटर दूर तक कई टुकड़ों में मिला फौजी का शव

इटारसी
 दिल्ली में पदस्थ आर्मी जवान का शव क्षत-विक्षत हालत में केसला-इटारसी के पास डाउन रेलवे ट्रैक पर मिला। गुरुवार दोपहर 12 बजे केसला स्टेशन के ट्रैकमैन इंदरकुमार ने ट्रैक पर अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी। पथरौटा से एएसआई साहबलाल, भोजराज बरबड़े, अर्जुन यादव घटनास्थल पर पहुंचे। करीब 200 से 300 मीटर दूरी तक मृतक के शरीर के अंग कटे पड़े मिले। जिन्हें पुलिस ने एकत्रित किया।
मृतक की पेंट में मोबाइल और आर्मी का आईडी कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे। मोबाइल पर कई नंबरों से आए मिस कॉल थे। उक्त नंबरों पर कॉल करने पर बताए नाम और आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की शिनाख्त हुई। मृतक अजयनाथ पिता गंगाराम बानखेड़े (30) निवासी नाचलबेल तहसील कन्नड़ जिला औरंगाबाद महाराष्ट्र था। रात 10 बजे मृतक का भाई राजेंद्र बानखेड़े, जीजा सुनील, प्रकाश इटारसी पहुंचे। भाई और जीजा के पुलिस ने बयान लिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की शंका नहीं जताई। भोपाल आर्मी सेंटर से आए दिनेश कुमार, एएसआई सरोदे और आरक्षक अर्जुन ने मृतक आर्मी जवान को सलामी दी। रात 12 बजे परिजन शव को निजी वाहन में रख औरंगाबाद लेकर रवाना हुए। 

पत्नी ने रिसिव किया कॉल, बेटे की मृत्यु से सन्न रह गए बुजुर्ग पिता
मृतक की जेब से मिले मोबाइल में अलग-अलग नंबरों से आए 20 से अधिक मिस कॉल थे। इसमें एक नंबर मृतक की पत्नी संगीता का भी था। बार-बार कॉल रिसीव नहीं करने से पत्नी चिंतित परेशान थी। पुलिस ने मृतक के नंबर से ही उसकी पत्नी के नंबर पर कॉल किया। रिंग जाते ही तुरंत पत्नी ने काॅल रिसीव किया और हेलो कहा। पति की जगह दूसरे की आवाज सुन पत्नी मायूस हो गई और चिंता बढ़ गई।
एएसआई सरोदे ने घर में किसी वरिष्ठ व्यक्ति को मोबाइल देने के लिए कहा। मृतक के पिता गंगाराम बानखेड़े को घटनाक्रम के बारे में बताया गया। जिसे सुन बुजुर्ग पिता सन्न रह गए। आर्मी जवान मृतक अजयनाथ के दो बच्चे हैं। परिवार में पत्नी, पिता, भाई हैं। 
चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में चपेट में आया होगा
थाना प्रभारी वीसी घुरैया ने बताया घटनास्थल पर सी आकार का रेलवे ट्रैक है। इससे ट्रेन की गति कम होती है। घटनास्थल पर मृतक के साथ उसकी अटैची भी मिली है। आशंका है कि वह इटारसी से गलत दिशा की ट्रेन में बैठ गया हो। पता चलने पर वहां हड़बड़ा गया होगा और ट्रेन की स्पीड कम होते ही सामान लेकर उतरने की कोशिश में ट्रेन की चपेट में आ गया। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जाएंगे।