रविवार को एक दिन के दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि आचार सहिंता लगने से पहले प्रदेश के 25 लाथ किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। किसानों के इसके कागजात भी दे दिए जाएंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रामकृष्ण कुसमारिया के कांग्रेस के शामिल होने पर कहा कि ये तो अभी ट्रेलर है आगे-आगे देखिए होता है क्या?
मुख्यमंत्री ने यहा मीडिया से बात करते हुए कहा कि डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया का कांग्रेस में शामिल होना तो केवल ट्रेलर है, आगे देखिए क्या-क्या होता है। वे एक प्रतिष्ठित और वरिष्ठ नेता है। कुसमारिया पांच बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके हैं, उन्होंने त्रस्त होकर भाजपा छोड़ी है। कुसमरिया ने अपनी बात स्पष्ट कर दिया है कि आज की भाजपा और जिस पार्टी में उन्होंने प्रवेश किया था, वह काफी अलग है। रामकृष्ण कुसमरिया का कांग्रेस में स्वागत है।
मुख्यमंत्री भाजपा को दे चुके हैं चेतावनी: इससे पहले भी मुख्यमंत्री कमलनाथ भाजपा को अपना कुनबा संभाल कर रखने की चेतावनी भाजपा को दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा के सीनियर लीडर और करीब पांच विधायक मुख्यमंत्री के सीधे संपर्क में हैं। ये वहीं विधायक है जो भाजपा के सत्ता में रहने पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब संभावना जताई जा रही है कि लोकसभा चुनाव से पहले ये फिर से कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं और कांग्रेस इन्हें लोकसभा चुनाव लड़ा सकती है।
बेटे नकुल नाथ को लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री: छिंदवाड़ा दौरे पर मुख्यमंत्री बेटे नकुल नाथ को भी साथ लेकर पहुंचे थे। नकुल नाथ ने मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के साथ बैठक में भी भाग लिया। एयरस्ट्रिप पर हमारा नेता कैसा हो नकुल नाथ जैसा हो के नारे भी लगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अगले लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र से पार्टी नकुल नाथ को प्रत्याशी बना सकती है।
निरीक्षण किया: मुख्यमंत्री ने यहां निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद उन्होंने राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि में घोषणा नहीं करता, काम करके दिखाता हूं। अब तक छिंदवाड़ा के लोग इलाज के लिए बाहर जाते हैं, यहां विश्वस्तरीय मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। मैं चाहता हूं कि इसकी सुविधाएं ऐसी हो कि बाहर के लोग यहां आकर अपना इलाज कराएं।
