Type Here to Get Search Results !

संत हिरदाराम शॉपिंग काम्प्लेक्स में खूनी संघर्ष, व्यापारी से मारपीट

संत हिरदाराम नगर
बैरागढ़ के सबसे बड़े रिटेल कपड़ा बाजार संत हिरदाराम शॉपिंग काम्प्लेक्स में व्यापारियों की आपसी प्रतिस्पर्धा खूनी संघर्ष की वजह बन गई। एक कपड़ा व्यापारी ने पड़ौसी व्यापारी और उसके कर्मचारी पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार शापिंग काम्पलेक्स में ए न्यू 40 निवासी अशोक कुमार केसवानी की सोनिया फैशन के नाम से कपड़े की दुकान है। उनके पास में ही च्वाइस कलेक्शन की दुकान है। शनिवार को शाम 4.30 बजे एक ग्राहक च्वाइस कलेक्शन से रेडीमेड कपड़े के भाव पूछने के बाद सोनिया फैशन की दुकान पर पहुंचा। भाव कम लगाने पर ग्राहक ने कपड़ा खरीद लिया। यह बात च्वाइस कलेक्शन के संचालक हरीश पेसवानी उर्फ सोनू को नागवार गुजरी। सोन एवं कर्मचारी शुभम चौकसे केसवानी की दुकान पर पहुंचे और कहा तुम कपड़ा कम रेट पर क्यों बेचते हो। इसी बात को लेकर हरीश एवं शुभम ने मालिक अशोक कुमार केसवानी पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने पर कर्मचारी गुलशन पुरस्वानी को सिर पर लोहे के कड़े से प्रहार कर दिया। गुलशन के सिर में गंभीर चोट आई है। थाना प्रभारी महेंद्रसिंह चौहान के अनुसार पुलिस ने प्रकरण दर्र्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपसी प्रतिस्पर्धा से हो रहे विवाद
कपड़ा काम्प्लेक्स में अधिकतर दुकानें साड़ी, लहंगे एवं रेडीमेड कपड़ों की हैं। वैरायटी एक जैसी होने के कारण ग्राहक दुकानों पर भाव पूछने के बाद ही खरीददारी करते हैं। कुछ व्यापारी कम रेट पर कपड़ा बेचते है। इसी बात को लेकर आए दिन विवाद हो रहे हैं। शनिवार को दूसरे पक्ष ने भी अपनी तरफ से रिपार्ट दर्ज करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण राजनीतिक दबाव स्वीकार नहीं किया।