Type Here to Get Search Results !

ट्रक ने ली बाइक सवार बैंककर्मी की जान, 3 माह बाद तय थी शादी

भोपाल
  बैरसिया स्थित विद्या विहार स्कूल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार बैंककर्मी की जान ले ली। शौकिया पहलवानी करने वाले युवक की आठ दिन पहले ही बैंक में नौकरी लगी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिर पर पहना हेलमेट भी चकनाचूर हो गया। दो महीने पहले उसकी सगाई हुई थी और मई में शादी होना तय थी। वह घर का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद ड्राइवर अपना ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसे बैरसिया पुलिस ने जब्त कर लिया है।
bank employee died in road accident
पंडित दीनदयाल कॉलोनी, बैरसिया निवासी 23 वर्षीय अभिमन्यु यादव की आठ दिन पहले भोपाल के एक निजी बैंक में नौकरी लगी थी। अभिमन्यु के पिता राजेश यादव पेशेवर पहलवान हैं और गांव में पहलवानी सिखाते हैं। एमबीए कर चुका अभिमन्यु रोजाना बस से भोपाल आना-जाना करता था। घर से करीब डेढ़ किमी आगे विद्या विहार स्कूल के सामने मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से अभिमन्यु सड़क से करीब दस फीट दूर गिर गया।

दो महीने पहले ही हुई थी सगाई : बुधवार रात अभिमन्यु एक रिश्तेदार की शादी से लौटा था, इसलिए गुरुवार सुबह उसकी नींद देर से खुली। दफ्तर जाने की जल्दबाजी में  वह बाइक से ही भोपाल आने लगा। देर होने के कारण मां ने उसे आज रेस्ट करने की सलाह भी दी। इस पर वह बोला कि कुछ दिन पहले ही नौकरी लगी है, दफ्तर में मैसेज ठीक नहीं जाएगा। अभिमन्यु घर का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है। दो महीने पहले ही अभिमन्यु की नरसिंहगढ़ में सगाई हुई थी। मई महीने में उसकी शादी तय थी, लेकिन इससे पहले ही ये हादसा हो गया।

चकनाचूर हो गया था हेलमेट : टक्कर इतनी तेज थी कि अभिमन्यु के सिर पर लगा हेलमेट चकनाचूर हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग निकला, जिसे बैरसिया पुलिस ने जब्त कर लिया है।