हैदराबाद
आमतौर पर मैराथन
दौड़ में युवाओं को हिस्सा लेते देखा जा सकता है लेकिन हाल ही में
हैदराबाद में हुई टाटा मुंबई मैराथन में 60 साल की महिला ने 10 किलोमीटर की
रेस में दूसरा स्थान हासिल किया। पार्ट टाइम टीचर अन्ना ने 60 से 64 साल
उम्र वर्ग की इस मैराथन में हिस्सा लिया था। बताया गया कि अन्ना को लगातार
दूसरी बार इस प्रतियोगिता में मेडल मिला है।
60 साल से ज्यादा उम्र की अन्ना ने 1 घंटे 19 मिनट और 45 सेकंड में 10
किलोमीटर की दूरी तय की। पिछले साल अन्ना ने इसी इवेंट में गोल्ड मेडल जीता
था। हालांकि, इस बार उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। इस बार
साउथ अफ्रीका की गिलियन फॉर्डसी ने 1 घंटे 3 मिनट और 40 सेकंड में रेस खत्म
करके खिताब अपने नाम किया।
20 साल तक शिक्षक रही हैं अन्ना
रविवार को हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में अन्ना ने
कहा, 'मुझे दौड़ना पसंद है और इसमें मजा आता है। जब आप दौड़ना शुरू करते
हैं और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगते हैं तो यह आदत बन जाता है।' बता
दें कि अन्ना PEGA के 'टीच फॉर चेंज' अभियान से स्वयंसेवी टीचर के तौर पर
जुड़ी हुई हैं।
इस प्रतियोगिता के अलावा कई और मैराथन में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुकीं
अन्ना केरल के तिरुवला की निवासी हैं। 20 साल तक प्री-प्राइमरी स्कूल में
टीचर रहीं अन्ना कहती हैं कि पढ़ाना उनका पैशन है। वह अपनी सफलता का श्रेय
अपने पति अजित अलेक्जेंडर जॉर्ज, अपनी बहू और दोस्तों को देती हैं।
