Type Here to Get Search Results !

भीड़ के लाने के लिए रेलवे जंक्शन, बगल में कमलनाथ का गढ़ इसलिए इटारसी में मोदी की सभा

होशंगाबाद/इटारसी
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 फरवरी को इटारसी के रेलवे ग्राउंड में सभा कर प्रदेश में भाजपा के चुनावी प्रचार का आगाज करेंगे। बाउंड्री पर आकर सत्ता गंवा बैठी भाजपा अब मप्र में विपक्ष है इसलिए होशंगाबाद की धरती को पहली सभा के लिए चुनने के कई मायने हैं पर मुख्य कारण भीड़ ही है। कारण, यह भौगोलिक दृष्टि से छह संसदीय क्षेत्रों के साथ रेल यातायात के लिए भी सेंटर पाइंट है और क्षेत्र की 20 विधानसभा सीटों में 13 में भाजपा काबिज है।

ऐसे में सत्ता से बाहर भी विधायकों के बल पर भीड़ जुटाना उसके लिए ज्यादा कठिन नहीं है, यही वजह है कि भीड़ की जिम्मेदारी भी विधायकों को ही सौंपी गई है। राजनीतिक विश्लेषक बैतूल-छिंदवाड़ा बेल्ट से लगे इस क्षेत्र को चुनने के पीछे कमल नाथ के 'गढ़' के करीब घुसकर आक्रामक चुनावी शक्ति प्रदर्शन भी बता रहे हैं। 

यह 5 वजह 
  1. घटते वोट बैंक को मोदी देंगे दम : 2013 के लोकसभा चुनाव में नर्मदापुरम संभाग में भाजपा की जीत का अंतर 3.90 लाख मतों का था। यही अंतर 2018 के विस चुनाव में कम हाेकर 40 हजार रह गया। 
  2. रेलवे जंक्शन होने से भीड़ जुटाना आसान : होशंगाबाद, हरदा व सीहोर की विधानसभा सीटें भाजपा के पास हैं। इटारसी में रेलवे जंक्शन है इसलिए आसपास के सभी इलाकों से कार्यकर्ताओं से जुटाने में पार्टी को आसानी रहेगी। 
  3. अधिकतर विधायक भाजपा के : होशंगाबाद और हरदा में विधायक भाजपा के हैं। पड़ोसी जिले की बुदनी, खातेगांव, भोजपुर, सिलवानी सीटों पर भाजपा काबिज है। यहां सांसद भी भाजपा के हैं।
  4. छिंदवाड़ा में कमलनाथ का गढ़ : होशंगाबाद 6 संसदीय क्षेत्र का सेंटर प्वॉइंट है। यहा भाजपा का दबदबा है। सीएम कमलनाथ का छिंदवाड़ा व बैतूल क्षेत्र गढ़ माना जाता है। मप्र में शक्ति प्रदर्शन भी होगा। 
  5. पिछले चुनावो में गंगा को चुना था : विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने बताया प्रधानमंत्री धार्मिक प्रवृत्ति के हैं। पिछले चुनाव में बाबा विश्वनाथ और गंगा मैया की गोद चुनी। इस बार नर्मदा की गोद से शुरुआत करेंगे। 
इन विधानसभा क्षेत्रों पर भाजपा का कब्जा: बुदनी, खातेगांव, हरदा, हरसूद, भोजपुर, होशंगाबाद, सिवनीमालवा, घोड़ाडोंगरी, टिमरनी, बैतूल, भैंसदेही, सिलवानी, उदयपुरा, तेंदूखेड़ा, गाडरवाड़ा, पिपरिया, सोहागपुर, आमला, मुलताई
होशंगाबाद में पहले भी आ चुके है प्रधानमंत्री  
  • 1980 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने गुप्ता ग्राउंड में सभा ली। 
  • 1991 में प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने गुप्ता ग्राउंड में सभा ली। 
  • 1996 में प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने सेठानी घाट पर सभा ली।