Type Here to Get Search Results !

शिप्रा डेम से अब शिवरात्रि पर उज्जैन के लिए छोड़ेंगे पानी

देवास 
 शिप्रा डेम में एक सप्ताह के भीतर ढाई मीटर जलस्तर बढ़ गया है। उज्जैनी से पंपिंग कर लगातार पानी शिप्रा नदी में डाल कर डेम पर इकट्‌ठा किया जा रहा है। शिवरात्रि के लिए पानी उज्जैन छोड़ा जा सकता है। हाल ही में सोमवती अमावस्या से पहले देवास के शिप्रा डेम से उज्जैन के त्रिवेणी घाटों तक पानी छाेड़ा था।

डेम का पूरा पानी छोड़ने पर जलस्तर 488 मीटर के स्तर तक पहुंच गया था, जिससे शहर की जलप्रदाय व्यवस्था पर कोई फर्क नहीं पड़ा था। डेम में जल स्तर बढ़ाने के लिए पिछले एक सप्ताह से पंपिंग के माध्यम से उज्जैनी से शिप्रा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। सहायक यंत्री जगदीश वर्मा के अनुसार डेम का जल स्तर 488 मीटर से बढ़कर शनिवार रात तक 490.5 मीटर तक पहुंच गया है, जिससे डेम का जलस्तर 2.5 मीटर तक बढ़ गया है। डेम का लेवल 494 मीटर है, उसके बाद डेम का पानी छोड़ना पड़ता है। डेम के पानी को लेवल करने के लिए उज्जैनी से आने वाले दिनों में पंप भी बंद किए जा सकते हैं। 
1 फरवरी को छोड़ा था पानी, भरे हुए हैं घाट : बसंत पंचमी पर पानी छोड़ने की बात कही जा रही थी लेकिन इस पर्व पर स्नान करने के लिए श्रद्धालु उज्जैन बहुत कम पहुंचते हैं। गत 1 फरवरी को ही पानी छोड़ा गया था, जिसके चलते सभी घाटों में पानी भरा हुआ है। 4 मार्च को महाशिवरात्रि है। इससे तीन दिन पहले 1 मार्च को शिप्रा डेम से पानी उज्जैन के लिए छोड़ा जा सकता है। किसानों में नाराजगी है, क्योंकि स्टाॅपडेम के गेट खुले होने से नदी में पानी रुक नहीं रहा है।