यहां बिजासन घाट पर रविवार देर रात इंदौर से पुणे जा रही एक बस में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पल में पूरी बस को चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि बस में आग लगने की सूचना यात्रियों तक समय पर पहुंच गई, जिससे सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि कुछ यात्रियों का सामान जल गया। बस में 35-40 यात्री सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात हंस ट्रैवल्स की यूपी 78 एफएन 6568 नंबर की बस में इंदौर से पुणे के लिए रवाना हुई थी। रात करीब डेढ़ बजे बस सेंधवा के आगे बिजासन घाट पर पहुंची ही थी कि अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे बस में से धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख बस कर्मियों ने तत्काल यात्रियों को बस से बाहर निकलने की सूचना दी।
सूचना के बाद यात्री तत्काल बस से नीचे उतर गए और सामान निकालने लगे। यात्रियों के उतरने के साथ ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पलभर में पूरी बस को चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने की वजह से कुछ यात्री अपना सामान नहीं निकाल पाए। सूचना के बाद मौके पर दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया।