Type Here to Get Search Results !

ओडिशा: भाजपा उम्मीदवार फरार, पकड़ने के लिए पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

पुरी। ओडिशा के सत्याबाड़ी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश मिश्रा फरार बताए जा रहे हैं। जिसको लेकर पुलिस तलाशी अभियान चला रही है। मिश्रा पर 23 अप्रैल को हुए तीसरे चरण के मतदान के दौरान ओडिशा के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ और दस्तावेजों को फाड़ने का भी आरोप है।

पुरी के पुलिस अधीक्षक उमाशंकर दास ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार इस घटना के बाद से ही फरार हैं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की तीन टीमों ने भुवनेश्वर के हांसपल स्थित मिश्रा के आवास पर छापामारी की लेकिन वहां उन्हें कुछ नहीं मिला। पीठासीन अधिकारी शिवराम महापात्रा की ओर से दायर एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने कारर्वाई की है।

पीठासीन अधिकारी ने शिकायत में कहा है कि मिश्रा और उनके समर्थक 23 अप्रैल को कनास प्रखंड के बिरकिशोरपुर गांव में स्थित एक मतदान केन्द्र पर कथित तौर पर आ गए और ईवीएम में तोड़फोड़ की। महापात्रा ने बताया कि उन्होंने चुनाव प्रक्रियाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी कथित तौर पर फाड़ दिया। उन्होंने बताया कि उनमें से एक  ने अपनी पिस्तौल से गोली चलाने का भी प्रयास किया लेकिन वह उसके हाथ से फिसल गया। 
Tags