Type Here to Get Search Results !

राहुल गांधी ने कसा तंज-मोदी ने आम खाना सिखाया, अब बताएं कि पांच साल में काम क्या किया

नीमच। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री ने देश को आम खाना सिखा दिया है, अब वे ये बताएं कि उन्होंने पिछले पांच साल में देश के विभिन्न वर्गों के लिए क्या किया।

राहुल नीमच में मंदसौर संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को बता दिया कि वे आम कैसे खाते हैं, कैसे छीलते हैं। कुर्ते की स्लीव काट कर रखते हैं, ताकि सूटकेस में जगह बने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को ये सब बता दिया, अब वे ये बताएं कि उन्होंने पिछले पांच साल में बेरोजगारों के लिए क्या किया। 

अपने करीब आधे घंटे के संबोधन की शुरुआत में उन्होंने लोगों से  पूछा कि उनका मूड कैसा है। इस दौरान उन्होंने चौकीदार संबंधित विवादित नारे भी लगवाए और दावा किया कि वे इसी माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मूड पता करते हैं।

उन्होंने मोदी के उस कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बालाकोट हमले के समय ये बात आई थी कि मौसम खराब होने की वजह से राडार हवाई जहाज को नहीं देख पाएगा। इस दौरान उन्होंने कटाक्ष किया कि मौसम खराब होता है तो क्या सभी हवाईजहाज आसमान से गायब हो जाते हैं। आज की सभा में भी उन्होंने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को निशाने पर लेते हुए मंच पर से उनके उन परिजनों का नाम लिया, जिनके कांग्रेस सरकार में कथित तौर पर कर्जमाफ हुए हैं। 

उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंदसौर में हुए गोलीकांड का  जिक्र करते हुए कहा कि मोदी किसानों के दुखदर्द में उनके साथ खड़े नहीं हुए। उन्होंने कहा कि नीमच में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का केंद्र है, लेकिन पुलवामा हमले के बाद प्रधानमंत्री ने यहां आकर जवानों के दिल की बात नहीं   सुनी। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों के सभी जवानों को कांग्रेस सरकार बनने के बाद शहीद का दर्जा मिलेगा। मंदसौर में 19 मई को मतदान है। यहां कांग्रेस की सुश्री नटराजन का मुकाबला मौजूदा सांसद और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी सुधीर गुप्ता से है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.