Type Here to Get Search Results !

एफटीएल से तीन फीट नीचे बड़ा तालाब, 400 मिमी बारिश और हुई तो फुल टैंक

भोपाल। भोपाल में अब तक 803.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि अब तक की सामान्य बारिश से 314 मिमी ज्यादा है। बावजूद इसके भोपाल की लाइफलाइन बड़ा तालाब फुल टैंक लेवल से 2.90 फीट कम है। पिछले 36 घंटे में तालाब सिर्फ 0.20 फीट ही भर सका। इससे लेवल 1663.90 फीट हो गया है। इस बार सीजन में अब तक बड़े तालाब का लेवल 14.20 फीट बढ़ चुका है। जून अंत में इसका जल स्तर 1649.70 फीट था। 3 जुलाई की रात हुई 118.2 मिमी अाैर 29 जुलाई काे 24 घंटे में हुई 166.9 मिमी बारिश के कारण ही तालाब का लेवल इस स्थिति तक पहुंच सका।

एक दिन में 200 मिमी तक बारिश होनी चाहिए : पीएचई के रिटायर्ड चीफ इंजीनियर सुनील श्रीवास्तव के मुताबिक तालाब का फुल टैंक लेवल 3588 मिलियन क्यूबिक फीट पानी से बनता है। लेवल तक पहुंचने के लिए अभी 10,000 एमसीएफटी पानी चाहिए। इतना पानी तभी मिल सकता है, जब 400 मिमी बारिश और हो जाए और यह भी तब होगा, जब एक दिन में 150 या 200 मिमी बारिश हो। यदि धीरे-धीरे बरसा तो 3588 एमसीएफटी पर पहुंचना मुश्किल है।

प्रदेश में 24 घंटे में 8.9 मिमी : प्रदेश में बीते 24 घंटे में 8.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। यहां अब तक 449.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य है। आठ जिले बालाघाट, छतरपुर, शहडोल, छिंदवाड़ा, पन्ना, सीधी, सिवनी, सागर अभी भी सामान्य बारिश को तरस रहे हैं। इन जिलों में अब तक 19 फीसदी कम बारिश हुई है।